Palghar Fire: 40 धमाकों से सहमा इलाका, 15 घायल, 3 की दर्दनाक मौत
मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई के करीब बोइसर में दवा कंपनी के प्लांट में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। इस आग में कई 15 लोगों के घायल होने की खबर है जबकि तीन लोगों की मौत हो गई है। शुरुआत जानकारी के अनुसार केमिकल प्लांट में आग लगने से 200 लीटर के 25 ड्रम में धमाका हुआ, जिसमे केमिकल रखा हुआ था। यह घटना रात तकरीबन 11.15 हुई । घटना के बाद मौके पर तमाम दमकल की गाड़ियां पहुंची और इसपर काबू करने की कोशिश की।

3 की मौत 15 घायल
इस भीषण आग में से अभी तक कुल 3 शव बरामद किए गए हैं, जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। यह तीनों शव आरती ड्रग्स की फैक्ट्री के पास मिले हैं। पालगढ़ के एसपी मंजूनाथ ने बताया कि आग बुझाते वक्त तीन शव बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी है। इस घटना में 15 लोग घायल हुए हैं, जिसमे से 3 लोगों की हालत काफी गंभीर है। इन सभी लोगों को बोइसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी मंजूनाथ ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

40 धमाके
घटना के बाद पालघार के डीएम प्रशांत नर्नावारे भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने स्थिति का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि प्लांट में तकरीबन 40 धमाके सुने गए हैं। लोगों के राहत और बचाव के लिए मौके पर पुलिस, दमकल, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी पहुंच गए हैं और वह लगातार लोगों को निकालने में जुटे हैं। डीएम ने बताया कि यह साफ है कि इस यूनिट में दमकल व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे और नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। हम इस मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपियों को छोड़ा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ आईपीसी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। जांच के बाद हम सरकार से प्लांट का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश करेंगे।

12 किलोमीटर तक सुनाई दी आवाज, सहमे लोग
जिस प्लांट में यह धमाका हुआ है उसके पास चार अन्य केमिकल यूनिट हैं, जोकि प्राची इंडस्ट्रीज, भारत रसायन, आरती इंडस्ट्रीज, यूनीमैक्स है, धमाके का असर यहां भी देखने को मिला है। कुछ प्लांट पर आग को आंशिक असर हुआ है तो कुछ पूरी तरह से खत्म हो गए हैं। धमाके की आवाज तकरीबन 12 किलोमीटर दूर तक लोगों ने सुनी थी। यह आवाज पालघर, माहिम, बोइसर और आसपास के इलाके में भी सुनाई दी थी। धमाके की आवाज से आसपास के घरों की खिड़की के शीशे तक टूट गए थे।

लोगों को लगा भूकंप आया
चश्मदीदों का कहना है कि धमाके की आवाज किसी बम धमाके की तरह थी, यह आवाज उस वक्त आई थी जब अधिकतर लोग सोने की तैयारी कर रहे थे। धमाके की आवाज सुनने के बाद कई लोगों को लगा कि भूकंप आया है जिसके बाद लोग घर के बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके को बंद कर दिया गया था। सभी 57 इंडस्ट्रियल यूनिट की बिजली सप्लाई को बंद कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications