शरजील इमाम की गिरफ्तारी के बाद बोले गृहमंत्री अमित शाह, कन्हैया कुमार से भी ज्यादा खतरनाक.......
नई दिल्ली- देश विरोधी नारे लगाने के आरोपी जेएनयू छात्र शरजील इमाम के बोल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और सीपीआई नेता कन्हैया के बोल से भी ज्यादा खतरनाक करार दिया है। इमाम को मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने उसके बिहार के जहानाबाद स्थित गांव से धर-दबोचा है। इसके बाद गृहमंत्री की उसपर पहली प्रतिक्रिया आई है। गृहमंत्री सेंट्रल जोनल काउंसिल की बैठक में शिरकत करने के लिए मंगलवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे थे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को रायपुर में बीजेपी की एक सभा में कहा कि, "शरजील का विडियो देखिए, उसके भाषण को सुनिए, उसके बोल कन्हैया कुमार से भी ज्यादा खतरनाक हैं। आज दिल्ली पुलिस ने उसको गिरफ्तार किया है और उसे (शरजील इमाम को) जेल की हवा खाने दिल्ली लाया जा रहा है।"
उन्होंने विडियो में कही उसकी बातों को दोहराते हुए कहा, '(उसने कहा) चिकन नेक को काट दो, असम भारत से कट जाएगा। अरे सात पुश्तें लग जाएंगी भैया, असम ऐसे नहीं कटेगा।'
इस मौके पर उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने 'भारत के टुकड़े करने की बात करने वाले' कन्हैया और दूसरे आरोपियों के खिलाफ केस चलाने की इजाजत नहीं दी।
गौरतलब है कि देश विरोधी भाषण देने के आरोपी शरजील इमाम को मंगलवार को ही दिल्ली पुलिस की एक टीम ने बिहार के जहानाबाद स्थित उसके गांव से गिरफ्तार किया है। जहानाबाद की एक अदालत ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। जेएनयू के छात्र इमाम पर भी देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश देव ने बताया है कि ट्रांजिट रिमांड पर लेने के बाद उसे जल्द से जल्द बिहार से दिल्ली लाने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications