मध्यप्रदेश: HIV पॉजीटिव गर्भवती महिला को आधी रात को वार्ड से बाहर निकाला, जुड़वा बच्चियों की मौत
टीकमगढ़ जिले के पिपरा गांव से गर्भवती महिला को लेकर उसके परिजन रात करीब 10 बजे डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल पहुंचे थे
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में एक एचआईवी पॉजीटिव गर्भवती महिला को आधी रात को वार्ड से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। महिला के परिजन इलाज के लिए अस्पताल के डॉक्टरों से गुहार लगाते रहे लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी। महिला ने अस्पताल परिसर में ही दो जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया जिनकी इलाज के अभाव में मौत हो गई।

टीकमगढ़ जिले के पिपरा गांव से गर्भवती महिला को लेकर उसके परिजन रात करीब 10 बजे डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल पहुंचे थे। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्स ने जांच के लिए ब्लड सैंपल लिया। जांच के दौरान हैपेटाइटिस और एचआईवी के पॉजीटिव लक्षण मिले। रिपोर्ट को देखते ही नर्सों ने महिला के परिजनों को उसे बाहर लेकर जाने को कह दिया। परिजनों का आरोप है कि एचआईवी पॉजीटीव होने के कारण नर्सों मे पैदा हुई बच्चियों के शरीर तक को नहीं छुआ।
इस मामले में टीकमगढ़ जिला अस्पताल प्रशासन प्री-मेच्योर डिलीवरी की बात कहकर पल्ला झाड़ने में लगा है। सीएमएचओ डॉ. वर्षा राय ने बताया कि दोनों बच्चियां साढ़े 6 महीने की थीं। प्री-मेच्योर डिलीवरी के कारण उनके अंग पूरी तरह से विकसित नहीं हुए थे। सांस लेने में तकलीफ के चलते उनकी मौत हो गई।
जबकि जिला अस्पताल में भर्ती अन्य. महिलाओं ने बताया कि रात में नर्सों ने वार्ड से बाहर निकाल दिया था। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल परिसर में ही उसकी डिलीवरी हो गई। डिलीवरी के बाद कोई भी डॉक्टर और नर्स ने बच्चियों को हाथ तक नहीं लगाया।












Click it and Unblock the Notifications