बाबा की नई 'बाबागिरी': मोदी को फिर बनाना है पीएम तो 10 बच्चे पैदा करें हिंदू महिलाएं
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। हिंदुओं को चार बच्चे पैदा करने की सलाह पर उठा विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि इसी मुद्दे पर दोगुने से ज्यादा विवाद शुरु हो गया है। और हो भी क्यों ना? इस बार एक संत ने हिंदू महिलाओं को 10 बच्चे पैदा करने का सलाह जो दे दिया है। जी हां उत्तराखंड के जोशीमठ के शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती ने इलाहाबाद के संत सम्मेलन में दस बच्चे पैदा करने की सलाह दे डाली है।

वासुदेवानंद सरस्वती ने कहा है कि नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए हिन्दुओं को दस-दस बच्चे पैदा करने चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की एकता की वजह से ही मोदी प्रधानमंत्री बने हैं। वह आने वाले समय में भी बहुमत में रहें, इसके लिए हिंदू परिवारों को 10 बच्चे पैदा करने होंगे। वासुदेवानंद ने अपने विवादित बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी लपेटते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी पीएम बने हैं तो हिंदुओं की बड़ी आबादी के कारण। अगर हिंदू घटा तो दूसरे धर्म के लोग प्रधानमंत्री बनेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार या तो दो बच्चे पैदा करने का नियम सब पर लागू करे, नहीं तो सिर्फ हिंदू ही उसे मानें यह कहां का न्याय है। उन्होंने दलील पेश की कि जिस तेजी से हिन्दुओं की आबादी कम हो रही है और दूसरे धर्म के लोगों की बढ़ रही है, उससे लगता है कि भारत जैसे देश में भी हिन्दू कुछ बरसों बाद अल्पसंख्यक हो जाएंगे। इतना ही नहीं उन्होंने फिल्म 'पीके' की विश्व हिंदू परिषद की ओर से की जा रही व्याख्या 'पाकिस्तानी कुत्ता' को भी मंच से दोहराया।
इसके अलावा संत वासुदेवानंद ने शनिवार को 'घर वापसी' कार्यक्रम पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा था, 'हिंदू धर्म से ही ईसाई, इस्लाम और सिख बने हैं। इसलिए सभी को अपनी जड़ों की तरफ लौटना चाहिए। घर वापसी पर कोई प्रतिबंध नहीं लगना चाहिए। धर्म बदलने पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications