हिंडनबर्ग रिपोर्ट: कांग्रेस नेता की याचिका पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट तैयार, जांच की हुई है मांग
कांग्रेस नेता डॉ. जया ठाकुर ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली थी। जिसमें अडानी के खिलाफ जांच की मांग की गई।

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर संसद से लेकर सड़क तक जमकर हंगामा हुआ। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता डॉ. जया ठाकुर ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की थी। जिस पर कोर्ट सुनवाई के लिए सहमत हो गया है। मामले की तारीख 17 फरवरी रखी गई है। डॉ. जया ठाकुर ने अपनी याचिका में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए अडानी ग्रुप के खिलाफ जांच की मांग की है।
दरअसल मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने के लिए भारत के मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ के सामने रखा गया था। जिस पर CJI ने 24 फरवरी की डेट दी, लेकिन याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट को बताया कि इसी तरह के दो अन्य मामले भी विचारधीन हैं, जिनकी सुनवाई 17 फरवरी को होनी है। जिस पर चीफ जस्टिस ने याचिका को उससे टैग करते हुए इसकी भी तारीख 17 फरवरी कर दी।
याचिकाकर्ता ने अपनी अपील में कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम और भारतीय स्टेट बैंक ने अडानी एंटरप्राइजेज के एफपीओ में 3200 रुपये प्रति शेयर की दर से निवेश किया, जबकि सेकेंडरी मार्केट में शेयर करीब 1800 रुपये प्रति शेयर था। ऐसे में उनकी भूमिका की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गौतम अडानी और उनके सहयोगियों ने सार्वजनिक लाखों करोड़ों रुपये के सार्वजनिक धन का घोटाला किया। याचिकाकर्ता ने सीबीआई, ईडी, डीआरआई, सेबी, आरबीआई, एसएफआईओ आदि जैसी जांच एजेंसियों से जांच की मांग की है।
जांच समिति के लिए केंद्र तैयार
अडानी-हिंडनबर्ग मामले को लेकर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पेश हुए और उन्होंने सारी बातों को खंडपीठ के सामने रखा। उन्होंने साफ किया कि अगर इस मामले में कोई एक्सपर्ट कमेटी का गठन होता है, तो सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। यानी सरकार कमेटी के गठन को राजी है।












Click it and Unblock the Notifications