हिमाचल में होटल की बिल्डिंग गिरी, सात लोगों की मौत, 6 सेना के जवानों की भी गई जान
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में रविवार को बड़ा हादसा सामने आया था, यहां सोलन जिले में स्थित एक होटल की बिल्डिंग गिर गई, जिसमे कई लोगों के दबे होने की खबर है। इस हादसे में अभी तक 7 लोगों की जान चली गई है, जबकि 7 लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। सोलन जिले के एडीएम विवेक चंदेल ने बताया कि इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई है, जिसमे एक सामान्य नागरिक और 6 सेना के जवान शामिल हैं। मलबे में अभी अभी 7 लोग दबे हैं, जिन्हें बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।

बता दें कि सोलन के कुमारहट्टी नाहन हाइवे के किनारे बने होटल की बिल्डिंग ढह गई थी। इससे पहले रविवार को यह खबर आई थी कि इस हादसे में 37 लोग बिल्डिंग के नीचे दबे हैं, जिसमे अधिकतर सेना के जवान हैं। एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि, 18 सेना के जवानों और 5 नागरिकों को मलवे में से निकाल लिया गया है। इसके अलावा रेस्क्यू टीम ने तीन शव बरामद किए हैं। अभी भी मलवे के अंदर 14 लोगों के फंसे होने की संभावना है। वहीं सात लोगों के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अधिकारी ने बताया कि नाहन-कुमारहट्टी मार्ग पर स्थित यह इमारत भारी बारिश के चलते ढह गई।
राहत और बचाव के कार्य के लिए हादसे के बाद परवाणू और सोलन से सात एंबुलेंस को मौके के लिए रवाना कर दिया गया था। जिसके बाद पंचकूल से एनडीआरएफ की एक टीम बुलाई गई थी। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के मालिक साहिल कुमार का परिवार भी यहीं रहता था। गनीमत रही कि हादसे के वक्त बच्चे बाहर खेल रहे थे लेकिन साहिल की पत्नी मलबे में दब गई थी और महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पुलिस बल के अलावा सोलन के एसडीएम रोहित राठौर भी पहुंचे थे। इमारत के गिरने के कारण का पता नहीं चल सका है। बता दें कि हिमाचल में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है। जिसके चलते राज्य में कई जगहों पर भूस्खलन और घर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।












Click it and Unblock the Notifications