Karnataka Hijab row: कमल हासन बोले- सांप्रदायिकता की जहरीली दीवार......
नई दिल्ली, 9 फरवरी: अभिनेता से नेता बने कमल हासन भी कर्नाटक के हिजाब विवाद में कूद पड़े हैं। उन्होंने कर्नाटक में हो रहे विवाद पर गहरी चिंता जताई है और कहा है कि ऐसा विवाद उनके गृहराज्य तमिलनाडु में नहीं शुरू होना चाहिए। कमल हासन के अलावा और भी कई फिल्मी हस्तियों ने हिजाब को लेकर शुरू हुए राजनीतिक विवाद में कूदकर अपना पक्ष रखने की कोशिश की है। दूसरी तरफ देश के कई शहरों में भी इस मामले को तूल देने की राजनीतिक कोशिशें शुरू हो चुकी हैं। इस बीच कमल हासन ने मंगलवार को हिजाब को लेकर कर्नाटक में हुई घटनाओं के बारे में गहरी चिंता जताई है और राज्य के 'प्रगतिशील ताकतों' से इसे प्रदेश तक नहीं पहुंचे यह सुनिश्चित करने को कहा है।

'सांप्रदायिकता की जहरीली दीवार खड़ी की जा रही है'
कर्नाटक में मुस्लिम लड़कियों के क्लासरूम में हिजाब पहनने को लेकर जारी विवाद में अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने भी ट्विटर के जरिए एंट्री मारी है। बुधवार को उन्होंने तमिल भाषा में ट्वीट करके सामान्य विचार के लोगों का आह्वान किया है कि यह विवाद तमिलनाडु तक नहीं पहुंच पाए। उन्होंने लिखा है, 'कर्नाटक में जो हो रहा है उससे मुझे चिंता हो रही है। निर्दोष स्टूडेंट के बीच सांप्रदायिकता की जहरीली दीवार खड़ी की जा रही है। हमारे पड़ोसी राज्य में जो कुछ हो रहा है, वह तमिलनवाडु तक नहीं पहुंचनी चाहिए। सभी प्रगतिशील ताकतों के लिए यह पहले से भी ज्यादा चौकस रहने का वक्त है।'
Recommended Video

कुछ और फिल्मी हस्तियों ने विवाद में मारी एंट्री
कर्नाटक में मंगलवार को सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में छात्राओं के हिजाब पहनकर पहुंचने को लेकर दो तरफ से जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन देखा गया, जिसमें कई जगह पत्थरबाजी की घटनाओं की भी सूचना है और कई जिलों में लाठीचार्ज की भी खबरें हैं। एक तरफ इस भड़कीले माहौल को शांत करने की कोशिश हो रही हैं तो दूसरी तरह कई फिल्मी हस्तियां भी इस विवाद में अपनी-अपनी राय देकर चर्चा में आ रहे हैं। कमल हासन की तरह ही राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता फिल्मकार पीसी श्रीराम ने भी हिजाब विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट किया है, 'वे विकास की बात करते हैं, लेकिन आखिर में वही करते हैं, जिसके लिए जाने जाते हैं और अभी वो जो कर रहे हैं, जब भी चुनाव होने वाले होते हैं ऐसा ही करते हैं। गिरावट दूर नहीं है।' इन्होंने एक बुर्का पहनी लड़की की भी तस्वीर शेयर की है, जो एक कॉलेज में लड़कों की एक भीड़ के सामने है।

यह लड़कियों पर छोड़ना होगा- अभिनेत्री लक्ष्मी रामकृष्ण
बुर्का पहनी उसी लड़की का वीडियो शेयर करते हुए फिल्म डायरेक्टर बिजॉय नांबियार ने भी ट्वीट किया है, 'यह हृदयविदारक है कि हम इस स्तर तक गिर चुके हैं। अब अपनों से ही इतनी नफरत क्यों करते हैं! मैं यह देख कर सुन्न हो गया हूं। 'फिल्मकार और अभिनेत्री लक्ष्मी रामकृष्ण ने भी स्कूल और कॉलेजों में हिजाब पर पाबंदी लगाने का समर्थन करने वालों का विरोध किया है। उनकी दलील है, 'मैं कॉन्वेंट में पढ़ी, हमें पोट्टु या फ्लावर पहनने की इजाजत नहीं थी, काफी विरोध के बाद पाबंदी हटाई गई। जो लोग हिजाब प्रतिबंध का समर्थन कर रहे हैं, उसके लिए आप क्या कहते हैं? अगर मुस्लिम स्कूल में हिंदू लड़कियों को यूनिफॉर्म में हिजाब पहनने को मजबूर किया जाएगा तो आप मानेंगे? यह लड़कियों पर छोड़ना होगा।'

देश के कई शहरों में शुरू हुआ हिजाब प्रदर्शन
गौरतलब है कि हिजाब विवाद की वजह से हालात बेकाबू होने के चलते मंगलवार को कर्नाटक सरकार ने सभी शिक्षण संस्थाओं में तीन दिनों की छुट्टियों की घोषणा कर दी हैं। लेकिन, इस विवाद को देश के दूसरे हिस्सों में भी फैलाने की कोशिश हो रही है और बुधवार को देश के कई शहरों में हिजाब के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications