देश में फिर बढ़े कोरोना के मामले, केंद्र हरियाणा समेत कई राज्यों में भेजेगा स्पेशल टीमें
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बाद देश में कई राज्यों में कोरोना के मामलों में एक बार फिर से तेजी देखी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मणिपुर में उच्च स्तरीय सेंट्रल टीम तैनात की गई। दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ने से हरियाणा, राजस्थान के सटे इलाकों में मामले बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कई सीनियर डॉक्टरों के नेतृत्व में अलग-अलग राज्यों के लिए टीम का गठन किया है। ये टीमें अलग-अलग राज्यों का दौरा करेंगी और वहां के हालात पर रिपोर्ट बनाएंगी।

वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि एम्स के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया हरियाणा में तीन सदस्यीय टीम का नेतृत्व करेंगे। वहीं नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉक्टर वीके पॉल राजस्थान की टीम की अगुवाई करेंगे। जबकि एनसीडीसी के निदेशक डॉक्टर एसके सिंह गुजरात की टीम का नेतृत्व करेंगे। वहीं डीएचजीएस के एडिशनल डीडीजी डॉक्टर एल स्वस्तिकरण मणिपुर की टीम का नेतृत्व करेंगे।
हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक ये केंद्रीय दल उन जिलों का दौरा करेंगे जहां कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं। इसके साथ ही ये दल कंटेनमेंट, निगरानी, जांच और संक्रमण को रोकने को लेकर राज्य को सहायता उपलब्ध कराएंगे। ये दल कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों के प्रभावी चिकित्सकीय प्रबंधन में भी सहायता करेंगे। बता दें कि दिल्ली में कोरोना के मामलों में वृद्धि के साथ ही मृत्यु दर में भी वृद्धि दर्ज की गई है। हर दिन नए पॉजिटिव केस और मृत्यु दर में इजाफा होता जा रहा है।
दिल्ली समेत तमाम राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों ने सरकार की चिंताएं बढ़ा दी हैं। देश में एक दिन में कोविड-19 के 45,576 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के मामले बढ़कर 89.58 लाख हो गए। वहीं 83.83 लाख से अधिक लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 93.58 प्रतिशत हो गई है। वहीं 585 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,31,578 हो गई।












Click it and Unblock the Notifications