राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर कुमारस्वामी ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर तमाम विपक्षी दल लगातार एकजुट होने की कोशिश में लगे हैं और महागठबंधन बनाने की कवायद चल रही है। इस महागठबंधन की सबसे बड़ी चुनौती है प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार। दरअसल विपक्षी दलों के तमाम नेता खुद को प्रधानमंत्री के तौर पर पेश करना चाहते हैं, ऐसे में कांग्रेस के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। हाल ही में कर्नाटक में गठबंधन की सरकार चला रहे मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कहा था कि ममता बनर्जी क्यों प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवार नहीं हो सकती हैं।

राहुल की उम्मीदवारी का समर्थन
कुमारस्वामी के इस बयान के बाद से ही विवाद खड़ा हो गया था कि क्या कुमारस्वामी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं मानते है। लेकिन अब इस पर खुद कुमारस्वामी ने सफाई देते हुए कहा कि हमारी पार्टी का मिशन है राहुल गांधी की शीर्ष पद पर देखना और हमारी पार्टी इसी दिशा में काम कर रही है। मेरा फैसला है कि मैं राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर समर्थन करुंगा, यह हमारा वादा है। यही नहीं कुमारस्वामी ने कहा कि मेरे पिता को भी इस बात पर भरोसा है।

अपने बयान पर दी सफाई
अपने बयान पर सफाई देते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि मैंने क्षेत्रीय नेताओं के बीच कहा था कि भाजपा के अलावा भी अन्य पार्टियों में कई सक्षम नेता हैं, क्यों नहीं मायावती और ममता बनर्जी पीएम उम्मीदवार हो सकती हैं। लेकिन हमारी पार्टी इस बात को लेकर आश्वस्त है कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनना चाहिए। जिस तरह से राहुल गांधी की क्षमता पर सवाल उठते हैं उसपर कुमारस्वामी ने कहा कि मुझे भरोसा है कि राहुल पीएम मोदी का सामना करना सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ कागजी शेर हैं जबकि राहुल गांधी गंभीर राजनेता हैं।

चार साल में क्या किया मोदीजी ने
कुमारस्वामी ने कहा कि मोदी जी अच्छा बोलते हैं, खुद को अच्छे से लोगों के सामने रखते हैं, वह सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं लेकिन पिछले चार साल में उनकी उपलब्धि क्या है। आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की 23 विपक्षी दलों की रैली में कुमारस्वामी ने भी शिरकत की थी। यह रैली कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित की गई थी जहां तमाम विपक्षी दलों ने भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ एक साथ मिलकर लड़ने का संकल्प लिया था।

23 दल 9 प्रधानमंत्री उम्मीदवार
गौर करने वाली बात है कि डीएमके नेता एमके स्टालिन राहुल गांधी की काफी मजबूत पैरवी कर चुके हैं, उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाना चाहिए। हालांकि विपक्षी दलों की रैली के बारे में उन्होंने चुप्पी साध रखी है। कोलकाता में विपक्षी दलों की रैली पर चुटकी लेते हुए अमित शाह ने कहा था कि इस रैली में 23 दलों और 9 प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों ने शिरकत की थी। वहीं कांग्रेस ने साफ किया है कि वह राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के तौर पर आगे नहीं बढ़ाएगी और वह गठबंधन में अन्य दलों का सम्मान करेगी जिससे कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया जा सके।
इसे भी पढ़ें- कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर चार विधायकों के साथ भाजपा में हो सकते हैं शामिल












Click it and Unblock the Notifications