मोदी के पीएम बनने पर संसद से इस्तीफा देने का किया था ऐलान, उन्हीं के कहने पर रुके रहे
बेंगलुरु। कर्नाटक के विधानसभा चुनावों में हर दिन नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिल रहे हैं। राज्य में भाजपा और जेडीएस के बीच संबंधों में रोज कुछ नया देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों पीएम मोदी ने अपना भाषण में देवगौड़ा की जमकर तारीफ की थी। जिसके बाद एचडी देवगौड़ा ने भी पीएम मोदी की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े। उन्होंने कहा कि आज मैं संसद में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बदौलत हूं। देवगौड़ा ने बताया कि, 2014 के चुनावों के दौरान एक बार मैंने कहा था कि अगर नरेंद्र मोदी अपने दम पर सरकार बनाते हैं तो मैं संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दूंगा।

मैं संसद में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बदौलत हूं
उन्होंने कहा कि, 2014 में पीएम मोदी ने प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई। जिसके बाद मैंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मेरे इस्तीफा देने बाद पीएम मोदी ने मुझे बात की थी। उन्होंने मुझसे कहा कि चुनावों के दौरान हम विरोधी दलों के बारे में बहुत कुछ बोलते हैं, हर बात को दिल में रखना ठीक नहीं है। मेरी पीए मोदी के साथ करीब 15 मिनट की बातचीत हुई। जिसके बाद मैंने संसद में बने रहने का फैसला किया था।

थर्ड फ्रंट पर बोले देवगौंड़ा
बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने एक बार कहा था कि थर्ड फ्रंट की थर्ड क्लास सरकारें बनाते हैं। तब मैंने कहा था कि लगता है मोदी अभी गुजरात से बाहर नहीं आए हैं। तीसरे मोर्च ने केंद्र में सरकार बनाई हुई है, जब मैं पीएम था तो उन्हें मेरा काम देखना चाहिए। पूर्व पीएम का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी किसी राज्य में जाते हैं, तो वहां के मुद्दों को समझते हैं और उसके बारे में बात करते हैं। कर्नाटक में भी वह ऐसा ही कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने की थी देवगौड़ा की तारीफ
बता दें कि मंगलवार को पीएम मोदी ने देवगौड़ा की ताऱीफ करते हुए कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा ने दिल्ली में जब भी वक्त मांगा, मैं उनसे मिला। देवगौड़ा जब घर आते हैं तो मैं उनकी गाड़ी का दरवाजा खोलकर उनका स्वागत करता हूं। जब वे जाते हैं तो मैं उनको गाड़ी में बैठा कर आता हूं। वे हमारे राजनीतिक विरोधी हैं, लेकिन वे हमारे सम्मानीय नेताओं में से एक हैं।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक चुनाव: जर्नादन रेड्डी को झटका, सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दी बल्लारी जाने की इजाजत












Click it and Unblock the Notifications