महाकाल दर्शन के लिए जा रही मशहूर यूट्यूबर की मौत, कौन है यह चर्चित लड़की और कैसे गई जान?
Chhavi Varshney: हाथरस की 23 साल की यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में उनकी मां सारिका ने भी जान गंवा दी। दोनों मां-बेटी परिवार के साथ कार से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए जा रही थीं। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में उनकी कार आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में छवि और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार छवि के पिता श्यामलाल, रिश्तेदार सूरजपाल और ड्राइवर सचिन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का इलाज बड़ौद जिला अस्पताल में चल रहा है। छवि के यूट्यूब चैनल पर 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर थे।

महाकाल दर्शन के लिए निकला था परिवार
हाथरस के महौखास गांव निवासी श्यामलाल (54) किराना स्टोर चलाते हैं। सोमवार रात वह अपनी पत्नी सारिका (50), बेटी छवि (23), रिश्तेदार सूरजपाल और ड्राइवर सचिन के साथ कार से उज्जैन के लिए निकले थे। परिवार का मकसद महाकाल के दर्शन करना था। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास उनकी कार आगे जा रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
ये भी पढ़ें: Kuku Kohli Death: बॉलीवड में पसरा मातम, फिल्ममेकर कुकू कोहली की मौत, कैसे गई जान? अजय देवगन को किया था लॉन्च
मां-बेटी को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलने के बाद एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। छवि और उनकी मां सारिका को इलाज के लिए सीएचसी बड़ौद ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, श्यामलाल, सूरजपाल और ड्राइवर सचिन हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को शुरुआती इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
2021 में शुरू किया था यूट्यूब चैनल
छवि वार्ष्णेय ने साल 2021 में यूट्यूब की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े व्लॉग और दूसरे वीडियो शेयर करती थीं। लोगों को उनका कंटेंट पसंद आया और धीरे-धीरे उनके चैनल की लोकप्रियता बढ़ती गई। बाद में छवि ने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े वीडियो भी बनाना शुरू किया। उनके यूट्यूब चैनल पर 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर थे। इंस्टाग्राम पर भी उन्हें बड़ी संख्या में लोग फॉलो करते थे। वहां उनके 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए गए हैं।
गांव में पसरा मातम
छवि और उनकी मां की मौत की खबर जैसे ही महौखास गांव पहुंची, वहां शोक का माहौल हो गया। मंगलवार को ही परिवार और गांव के लोगों में मातम छा गया था। परिवार के कुछ सदस्य घटना की जानकारी मिलने के बाद मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गए।
बुधवार को भी गांव में सन्नाटा पसरा रहा। शोक के चलते कुछ दुकानें भी बंद रहीं। परिजन अब मां-बेटी के शवों के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। परिवार के मुताबिक, दोनों के शव बुधवार शाम तक गांव पहुंचने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के इस्लामाबाद के अस्पताल में आग का तांडव, 15 मासूमों ने तोड़ा दम, कैसे हुआ हादसा?


Click it and Unblock the Notifications
