निर्दलीय विधायकों के बीजेपी के साथ जाने की खबरों पर भड़के दीपेंद्र हुड्डा- बोले- तो जनता उन्हें जूते मारेगी
नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सियासी हलचल बढ़ गई है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के चुनाव नतीजे आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई कि राज्य की जनता ने किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया है। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी तो वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस का कब्जा रहा। अब बहुमत से दूर बीजेपी और कांग्रेस सरकार बनाने की कोशिश में जुटी हैं। वहीं, ऐसी खबरें भी आ रही हैं कि कुछ निर्दलीय विधायक बीजेपी के साथ जा सकते हैं। इन खबरों पर कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने निर्दलीय विधायकों को चेताया, 'जो निर्दलीय खट्टर सरकार का हिस्सा बनना चाहते हैं वे अपनी राजनीतिक कब्र खोद रहे हैं, वे लोगों का भरोसा तोड़ रहे हैं। हरियाणा की जनता उनको कभी माफ नहीं करेगी।' हुड्डा ने यहां तक कह दिया कि जनता उन्हें जूतों से मारेगी।' बता दें कि कांग्रेस ने हरियाणा में तमाम एग्जिट पोल को गलत साबित करते हुए 31 सीटों पर कब्जा जमाया है जबकि दुष्यंत चौटाला की पार्टी जेजेपी ने भी 10 सीटों पर जीत दर्ज की है।
बहुमत से दूर बीजेपी और कांग्रेस सरकार बनाने की कोशिश में जुटी हैं। हुड्डा ने अमित शाह के ट्वीट पर कहा कि बीजेपी में जश्न का नहीं, शोक का माहौल है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के 10 में से 8 मंत्री हारे तो ये बताता है कि लोग भाजपा से नाराज हैं। हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी एक बार फिर से सत्ता में वापसी की कोशिशें शुरू कर दीं हैं। हुड्डा ने सभी पार्टियों को बीजेपी सरकार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया है।
उन्होंने सभी पार्टियों को साथ आने की सलाह दी है और कहा कि हरियाणा के लोगों ने बीजेपी सरकार के खिलाफ अपना जनादेश दिया है। हुड्डा ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ अन्य दल साथ आएं और राज्य में एक मजबूत सरकार बनाकर जनादेश का सम्मान करें। दीपेंद्र हुड्डा ने भी नतीजे आने के बाद यही बात दोहराई थी।












Click it and Unblock the Notifications