Haryana Election Results 2019: कौन हैं नैना चौटाला, जिनका डिप्टी सीएम पद के लिए नाम आ रहा सामने
Recommended Video
नई दिल्ली। हरियाणा में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो चुका है। बीजेपी 10 महीने पहले गठित दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के साथ गठबंधन कर हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है। शुक्रवार शाम बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और जेजेपी प्रमुख दुष्यंत चौटाला के बीच हुई बैठक में नई सरकार को लेकर सहमति बनी। इस सहमति के मुताबिक, हरियाणा में मुख्यमंत्री भाजपा का होगा जबकि उपमुख्यमंत्री जेजेपी का होगा। वहीं, उपमुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पहले जेजेपी में दुष्यंत चौटाला के नाम पर सहमति बनती दिख रही थी, लेकिन अब चौटाला परिवार से ही एक नाम और सामने आ रहा है।

नैना चौटाला का नाम भी आ रहा सामने
अजय चौटाला से जुड़े पार्टी के पुराने नेता चाहते हैं कि दुष्यंत के साथ नैना चौटाला के नाम पर भी उपमुख्यमंत्री के पद के लिए पार्टी विचार करे। सूत्रों के मुताबिक, इसी मुद्दे पर दुष्यंत चौटाला ने सुबह 11 बजे चंडीगढ़ में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद डिप्टी सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी। नैना चौटाला ने अजय चौटाला के जेल जाने के बाद विधानसभा चुनाव लड़ा और जीता।

राजनीति में आने वाली चौटाला परिवार की पहली महिला
नैना सिंह, चौटाला परिवार की पहली महिला हैं, जो राजनीति में आईं। शादी से पहले निशानेबाजी मे दिलचस्पी रखने वाली नैना की राजनीतिक पारी 2014 में शुरू हुई थी। पहली बार वे डबवाली विधानसभा सीट से चुनाव जीती थीं। वहीं, इस चुनाव में दुष्यंत चौटाला ने उचानां कला से और उनकी मां नैना चौटाला ने बाढ़डा विधानसभा सीट से चुनाव जीता। हरियाणा विधानसभा 2019 में सबको चौंकाते हुए जेजेपी ने पहले चुनाव में 10 सीटों पर कब्जा जमाया।

जेजेपी के कोर कमेटी की बैठक आज
दूसरी तरफ, बीजेपी के विधायक दल की बैठक भी आज होने जा रही है और मनोहर लाल खट्टर का विधायक दल का नेता चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। इसके पहले, कल दुष्यंत चौटाला के साथ बैठक के बाद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर हरियाणा की सियासत के नए गठबंधन का ऐलान कर दिया। शाह ने कहा कि, हरियाणा का मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा और उपमुख्यमंत्री जेजेपी का होगा। मीडिया को संबोधन के दौरान शाह के साथ बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यंत्री मनोहर लाल खट्टर, बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे।

बीजेपी-जेजेपी के बीच हुआ गठबंधन
इस साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वे शनिवार को राज्यपाल से सरकार के गठन के सिलसिले में मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा हरियाणा में जेजेपी के साथ सरकार बना रहे हैं। इससे पहले भी हम एक-दूसरे की मदद करते रहे हैं। जबकि प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद जननायक जनता पार्टी के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा की प्रगति के लिए यह निर्णय लिया गया है। प्रदेश के लिए जो कुछ भी हो सकता है जेजेपी करने को तैयार है। हम राज्यपाल से मिलकर आगे का कदम तय करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications