haryana election results 2019: हुड्डा बोले- हरियाणा में बेहतर सरकार के लिए साथ आएं कांग्रेस, जेजेपी, इनेलो और निर्दलीय
नई दिल्ली। हरियाणा के पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा है कि हरियाणा में भाजपा के खिलाफ सभी दलों को एक साथ आना चाहिए। रोहतक में हुड्डा ने कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर रखना जरूरी है। ऐसे में इस समय कांग्रेस, जननायक जनता पार्टी, इंडियन नेशनल लोकदल और जीतकर आए निर्दलीय विधायकों को साथ आना चाहिए। हुड्डा ने कहा कि सभी को मिलकर हरियाणा को एक मजबूत कर सरकार देनी चाहिए और भाजपा को सत्ता से दूर करना चाहिए।
Recommended Video

हरियाणा कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख हुड्डा ने दूसरी पार्टियों और निर्दलीयों को साथ आने का न्योता देते हुए कहा कि मैं सबको भरोसा दिलाता हू, सभी का सम्मान होगा और पद भी मिलेगा। दीपेंद्र हुड्डा ने भी सभी पार्टियों को कांग्रेस के साथ आने का न्योता दिया है। दीपेंद्र ने कहा है कि मैं निर्दलीयों और दुष्यंत चौटाला से बात करूंगा।
हरियाणा की सभी 90 सीटों पर 21 अक्टूबर को वोट डाले गए थे। आज मतगणना हो रही है। जिसमें स्थिति करीब-करीब साफ हो गई है। सूबे की 90 सीटों पर भाजपा 37, कांग्रेस 35, जेजेपी 10 और अन्य 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। बहुमत के आंकड़े यानी 46 सीटों तक कोई पार्टी नहीं पहुंचती दिख रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि निर्दलीयों और छोटी पार्टियों का बड़ा रोल सरकार बनाने में रहेगा। ऐसे में कांग्रेस ने सभी को अपने साथ आने के लिए दावत दी है।
जींद जिले की उचाना कलां विधानसभा सीट से विधायक चुनकर आए जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि राज्य की सत्ता की चाबी उनकी पार्टी के पास रहेगी क्योंकि कांग्रेस या भाजपा 40 सीट पार नहीं कर पाएंगी ऐसे में वो किंगमेकर बनेंगे।
हरियाणा की 90 और महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर आज मतगणना हो रही है। इसी के साथ 17 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव और दो लोकसभा सीटों के वोटों की गिनती हो रही है। इन दो लोकसभा सीटों में बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट और महाराष्ट्र की सोलापुर लोकसभा सीट है।












Click it and Unblock the Notifications