हरियाणा सरकार का ऐलान- गरीबों के लिए कोरोना वैक्सीन फ्री, लोगों से मांगी वित्तीय मदद
Corona Vaccine in Haryana: देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या धीरे-धीरे कम हो रही है। इसके साथ ही ड्रग कंट्रोरल जनरल ऑफ इंडिया ने सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक की वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। ऐसे में जल्द ही देश में कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान शुरू हो सकता है। जिसको देखते हुए सभी राज्यों में सरकारें तैयारी में जुटी हुई हैं। इस बीच रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (CM Manohar Lal Khattar) ने वैक्सीन की कीमत पर बड़ा बयान दिया।

सीएम खट्टर ने कहा कि हरियाणा में गरीब परिवारों को कोरोना वायरस की वैक्सीन फ्री में दी जाएगी। इस टीकाकरण अभियान की लागत बहुत ज्यादा आने की उम्मीद है, ऐसे में अगर कुछ लोग हमें (सरकार) वित्तीय तौर पर मदद करें, तो ये बहुत ही अच्छा रहेगा। वहीं दूसरी ओर रविवार को ही बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी राज्य के लोगों को फ्री में कोरोना वैक्सीन देने का ऐलान किया। इसके अलावा तमिलनाडु, कर्नाटक, दिल्ली और असम की सरकार भी फ्री वैक्सीन की बात कह चुकी हैं।
16 जनवरी से शुरू होने की उम्मीद
केंद्र सरकार भी टीकाकरण अभियान के लिए पूरी तरह से तैयार है। उम्मीद जताई जा रही है कि 16 जनवरी से लोगों को वैक्सीन देने का काम शुरू हो जाएगा। अभी सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को इसे देने की योजना है। वहीं केंद्र सरकार ने भी वैक्सीन की कीमतों को लेकर साफ घोषणा नहीं की है, हालांकि संकेत जरूर दिए कि गरीबों को फ्री में टीका लगाया जाएगा।
हरियाणा में कितने केस?
मौजूदा वक्त में देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1,04,52,919 है, जबकि 1.51 लाख लोगों की अब तक मौत हुई है। वहीं 1,00,77,147 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। हरियाणा भी कोरोना महामारी से बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जहां अब तक 2,64,721 मरीज सामने आ चुके हैं। इसमें से 2949 मरीजों की मौत हुई है, जबकि 2,59,209 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications