शीला दीक्षित के कार्यक्रम में जगदीश टाइटलर, हरसिमरत कौर ने उठाए सवाल
नई दिल्ली। सिख दंगो के आरोपी जगदीश टाइटलर के शीला दीक्षित के दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के कार्यक्रम में दिखने पर हरसिमरत कौर ने सवाल उठाए हैं। अकाली दल की नेता और केंद्र में मंत्री कौर ने कहा है कि राहुल गांधी भी वही कर रहे हैं जो उनका परिवार पहले करता रहा है। टाइटलर का कांग्रेस के कार्यक्रमों में दिखना साफ दर्शाता है कि राहुल के लिए सिखों की भावनाओं की कोई कद्र नहीं है। कौर लगातार सिख दंगों में टाइटलर की भमिका पर सवाल उठाते हुए उन पर आरोप लगाती रही है।

दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने बुधवार को औपचारिक रूप से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर पहुंचकर नई अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। इस दौरान पार्टी के दूसरे नेताओं के साथ जगदीश टाइटलर भी कार्यक्रम में पहुंचे।1984 में दिल्ली में सिखों के खिलाफ हुए दंगों में कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर पर आरोप हैं। इसके चलते कांग्रेस अपने कार्यक्रमों में टाइटलर को बुलाने से अमूमन बचती दिखी है।

इस दौरान टाइटलर ने सज्जन कुमार के सिख दंगों में दोषी करार दिए जाने पर कहा कि अदालत के फैसले पर अब कोई क्या कह सकता है। मेरा नाम भी लिया जा रहा है लेकिन क्यों? क्या मेरे खिलाफ कोई एफआईआर है, या कोई केस है। अगर कुछ भी नहीं है तो कैसे मीडिया में मेरा नाम दंगों से जोड़ा जा रहा है।
हाल ही में पूर्व कांग्रेस सासंद सज्जन कुमार को दिल्ली हाईकोर्ट ने सिखों के खिलाफ दंगे में दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। सज्जन कुमार को दोषी करार दिए जाने के बाद भी अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर ने कहा था कि टाइटलर भी दंगों में शामिल हैं और ये बात बहुत जल्दी ही अदालत में भी साबित हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications