हरेन पंड्या हत्याकांड: दोबारा जांच की मांग करने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 12 फरवरी को सुनवाई
नई दिल्ली। गुजरात के पूर्व गृहमंत्री हरेन पंड्या हत्याकांड की फिर से जांच कराने की मांग को लेकर एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई थी। इस याचिका पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 12 फरवरी की तारीख तय की है। एक एनजीओ द्वारा दायर की गई इस याचिका में कहा गया था कि हाल ही में सामने आई कुछ चौंकाने वाली जानकारी के कारण इस याचिका की आवश्यकता उत्पन्न हुई है।

याचिका में कहा गया है कि सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ कांड के एक गवाह आजम खान ने मुंबई की एक निचली अदालत में कहा था, 'सोहराबुद्दीन ने मुझे बताया था कि गुजरात के पूर्व गृह मंत्री हरेन पंड्या की हत्या एक कॉन्ट्रैक्ट कीलिंग थी।' गवाह ने दावा किया था कि गुजरात के एक आईपीएस अधिकारी का भी इस हत्या से संबंध था।
बता दें कि, भारतीय जनता पार्टी के नेता और राज्य के गृह मंत्री रहे हरेन पंड्या की 2003 में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने की थी। ट्रायल कोर्ट ने हत्या के लिए 12 व्यक्तियों को दोषी ठहराया था, लेकिन गुजरात उच्च न्यायालय ने उन्हें यह कहते हुए बरी कर दिया कि जांच एजेंसी ने अपनी जांच में असंगतता दिखाई है।
हाईकोर्ट ने हरेन पंड्या मर्डर केस की ठीक से जांच नहीं करने को लेकर सीबीआई को कड़ी फटकार लगाई थी। कोर्ट ने कहा था कि वर्तमान मामले में जो चीजें निकलकर सामने आई हैं, उनसे साफ होता है कि जांच एजेंसी ने अपना काम ठीक से नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications