Happy Holi 2020: पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है होली, PM ने दी देशवासियों को बधाई
नई दिल्ली। आज पूरा देश होली की मस्ती में चूर है, रंगों का पर्व होली पूरे हर्षोल्लास के साथ भारत में मनाई जा रही है। वृंदावन गुलाल से सराबोर है तो वहीं वाराणसी के घाट पर भी जमकर अबीर खेली जा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं, उन्होंने Twitter पर लिखा है कि रंग, उमंग और आनंद के त्योहार होली की आप सभी को बहुत-बहुत बधाई, यह पर्व सभी देशवासियों के जीवन में खुशियों लेकर आए।

PM मोदी होली मिलन समारोह से रहेंगे दूर
हालांकि कोरोना वायरस की वजह से पीएम मोदी आज किसी भी होली मिलन समारोह में शामिल नहीं होंगे, गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस के कई मामले सामने आए हैं, जिसके बाद अब हर जगह अलर्ट है, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया था कि वह इस साल किसी भी होली मिलन समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे।
कोरोना वायरस की वजह से होली हुई फीकी
कोरोना वायरस को लेकर किए गए ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, दुनियाभर में एक्सपर्ट्स ने सलाह दी है कि भीड़ वाले इलाकों में शामिल होने से बचें, ताकि कोरोना वायरस का असर ना फैल पाए, ऐसे में इस साल मैं किसी भी होली मिलन समारोह में हिस्सा नहीं लूंगा।

देश में होली की धूम
वैसे देश के कई शहरों में धूम-धाम से होली खेली जा रही है, हालांकि होली को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है लेकिन ब्रज में जमकर लोग होली खेल रहे हैं तो वहीं उज्जैन के मंदिरों में महाकाल की अबीर से पूजा की गई है, लोग एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं और खुशियां मना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications