Haseen Mirza: डॉन हाजी मस्तान की बेटी अब क्यों पहुंची मोदी के पास, हसीन मिर्जा का दर्द जान फट जाएगा कलेजा
Haji Mastan Daughter Haseen Mirza: मुंबई के अंडरवर्ल्ड इतिहास में सबसे चर्चित नामों में शामिल रहे हाजी मस्तान की बेटी होने का दावा करने वाली हसीन मस्तान मिर्जा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह ग्लैमर या सोशल मीडिया नहीं, बल्कि इंसाफ की एक लंबी और दर्दनाक लड़ाई है।
हसीन हाल ही में दिल्ली पहुंचीं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र सौंपकर अपने साथ हुए कथित जुल्म की पूरी कहानी रखी।

हसीन मिर्जा ने खुद सोशल मीडिया पर दिल्ली से तस्वीरें और वीडियो शेयर किए और बताया कि वह न्याय की आखिरी उम्मीद लेकर देश के सबसे बड़े संवैधानिक पदों तक पहुंची हैं। उनका कहना है कि उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति कार्यालय से वेरिफिकेशन लेटर भी मिला है, जिससे उन्हें अब इंसाफ की नई उम्मीद बंधी है।
हसीन मिर्जा का दावा है कि जब वो 12 साल की थीं तो 1996 में उनका उनके मामा के बेटे से जबरन उनकी शादी कराई गई थी। इस शादी के बाद उनके साथ रेप, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया गया है।
🟡सोशल मीडिया से हाईकोर्ट तक, हसीन मिर्जा की इंसाफ की जिद
हसीन मस्तान मिर्जा ने 23 जनवरी को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि आखिरकार उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर कर दी है। सोशल मीडिया पर लिखे एक भावुक पोस्ट में उन्होंने कहा कि सभी की दुआओं से उन्हें जल्द न्याय मिलेगा। हसीन का कहना है कि वह सालों से कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं, लेकिन आर्थिक तंगी और सिस्टम की बेरुखी ने उनके रास्ते मुश्किल कर दिए।
उनके मुताबिक, दिल्ली आकर पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और देश के शीर्ष नेताओं को अपनी आपबीती बताना उनके लिए आसान फैसला नहीं था, लेकिन अब उनके पास यही रास्ता बचा था।
हसीन मिर्जा का PMO के बाहर बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साढे चार लाख से ज्यादा व्यूज है। (खबर लिखे जाने तक) हसीन मिर्जा का कहना है कि अब उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खास उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अगर पीएम मोदी इस मामले में हस्तक्षेप करते हैं, तो कोई भी इसे दबा नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी है सब मुमकिन है।
हसीन का मानना है कि कानूनों को और सख्त करने की जरूरत है, ताकि ऐसे अपराध करने वालों में डर पैदा हो और किसी और बच्ची को ऐसा दर्द न झेलना पड़े।

🟡 हसीन मिर्जा की दर्दनाक कहानी: 12 साल की उम्र में जबरन शादी और फिर रेप
हसीन मिर्जा पहली बार बड़े स्तर पर चर्चा में तब आईं, जब उन्होंने खुलासा किया कि महज 12 साल की उम्र में उनके साथ यौन शोषण हुआ और 13 साल की उम्र में उनकी जबरन शादी करा दी गई। उनका आरोप है कि यह शादी रिश्ते में मामा के बेटे नासिर हुसैन से करवाई गई। नासिर हुसैन इस समय हैदराबाद में रहता है।
हसीन के अनुसार, यह सब उनके पिता हाजी मस्तान की मौत के बाद शुरू हुआ। उस वक्त वह नाबालिग थीं और हालात का फायदा उठाकर उन्हें चुप कराने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि शादी के बाद उनके साथ लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न हुआ।
हसीन मस्तान मिर्जा के आरोप यहीं खत्म नहीं होते। उनका कहना है कि जब वह मां बनने वाली थीं, तब जबरन उनका गर्भपात कराया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बाल सुधार गृह भेजने की कोशिश की गई, जबकि पुलिस को उनकी उम्र और हालत की पूरी जानकारी थी।
दिसंबर 2025 में दिए इंटरव्यू में हसीन मस्तान मिर्जा ने कहा था,
''मेरी शादी के बाद पहले मेरे साथ रेप किया गया। फिर मेरे साथ इतनी बुरी तरह से मारपीट की कि मेरे बच्चे की पेट में ही मौत हो गई, उस वक्त मैं सिर्फ 13 साल की थी।''
हसीन का दर्द इस बात से और गहरा हो जाता है कि उस दौर में उन्हें किसी भी स्तर पर कोई मदद नहीं मिली। उनका कहना है कि अगर समय रहते सिस्टम ने साथ दिया होता, तो उनकी जिंदगी आज कुछ और होती।

🟡 संपत्ति जुल्म की वजह: हसीन मिर्जा बोलीं-'हाजी मस्तान की बेटी थी, इसलिए शोषण हुआ'
हसीन मिर्जा का साफ आरोप है कि उनके साथ जो कुछ भी हुआ, उसकी जड़ में उनके पिता की संपत्ति थी। उनका कहना है कि हाजी मस्तान की मौत के बाद कुछ लोगों की नजर उनकी संपत्ति पर थी और इसी के लिए उन्हें निशाना बनाया गया।
हसीन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनके साथ हुई घटनाओं का हाजी मस्तान की पहचान से सीधा संबंध नहीं था, बल्कि उनकी मौत के बाद हालात बिगड़े। उनके मुताबिक, पैसा ही वह वजह थी, जिसने रिश्तों को हैवानियत में बदल दिया।
हसीन मिर्जा ने एक इंटरव्यू में कहा था,
''1996 में नसीर ने मेरे पिता की संपत्ति हड़पने के लिए मुझे जबरन शादी के लिए मजबूर किया। मात्र 13 साल की उम्र में मुझे गर्भपात का दर्द झेलना पड़ा, जिसके बाद मेरे पति और सास ने पुलिस बुलाकर मुझे बाल सुधार गृह भेजने की कोशिश की। पुलिस मेरी कम उम्र से वाकिफ थी, फिर भी उन्होंने मेरी कोई मदद नहीं की। अगर मैं हाजी मस्तान की बेटी न होती, तो मुझे ये सब नहीं झेलना पड़ता। आरोपियों की नजर सिर्फ पैसे पर थी, मेरे पिता के इंतकाल के बाद उन्हें लगा कि वे हमारी सारी संपत्ति हथिया सकते हैं। मेरे साथ हुए बलात्कार और इस जबरन शादी के पीछे की असल वजह सिर्फ पैसा ही थी। अगर मैं हाजी मस्तान की बेटी न होती, तो मुझे ये सब नहीं झेलना पड़ता।"
🟡 2010 में हुआ तलाक, आत्महत्या की भी कोशिश की
लंबे समय तक चले मानसिक तनाव और प्रताड़ना के चलते हसीन मस्तान मिर्जा ने 2010 में तलाक के बाद आत्महत्या की कोशिश भी की। उन्होंने बताया कि उस समय न उनके पास घर था, न पैसा और न ही कोई सहारा। हसीन कहती हैं कि वह सड़क पर आ गई थीं, लेकिन फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने खुद को संभाला और दोबारा इंसाफ की लड़ाई लड़ने का फैसला किया।
हसीन मिर्जा ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब वह नाबालिग थीं और उनके साथ अपराध हुआ, तब भी पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की। उनका आरोप है कि अगर पुलिस और प्रशासन ने शुरुआत में ही ईमानदारी से कार्रवाई की होती, तो आज उन्हें इतने साल तक भटकना नहीं पड़ता।
हसीन का कहना है कि वह अपने पिता हाजी मस्तान के नाम को बदनाम नहीं करना चाहतीं। उनके मुताबिक, हाजी मस्तान ने अपने जीवन में कई लोगों की मदद की थी और उन्हें बहुत दुआएं मिली थीं। हसीन कहती हैं कि उन्हें अपने पिता की बेटी होने पर गर्व है और वह यह कानूनी लड़ाई भी उसी वजह से लड़ रही हैं।
🟡 कौन थे हाजी मस्तान (Who is Haji Mastan)
हाजी मस्तान का जन्म 1926 में तमिलनाडु में हुआ था। 1960 और 70 के दशक में वह मुंबई के सबसे ताकतवर अंडरवर्ल्ड डॉन माने जाते थे। बंदरगाहों में काम करते हुए उन्होंने स्मगलिंग की दुनिया में कदम रखा और सोना, इलेक्ट्रॉनिक्स व विदेशी सामान की तस्करी से बड़ा नाम बनाया। उनके कई बॉलीवुड और राजनीतिक संपर्क भी बताए जाते हैं। फिल्मों के कई मशहूर किरदार उनसे प्रेरित माने जाते हैं। 8 जून 1994 को मुंबई में उनका निधन हुआ।












Click it and Unblock the Notifications