Ryan School के गार्ड ने बताया, प्रद्युम्न की हत्या के बाद क्या-क्या हुआ था
नई दिल्ली। 8 सितंबर को गुरुग्राम के रायन इंटरनेशनल स्कूल में सात साल के प्रद्युम्न की हत्या के बाद किस तरह से वहां से सूबूत मिटाने की कोशिश की गई, उसकी आंखों देखी स्कूल के गार्ड ने बताई है। गार्ड के इस खुलासे के बाद फिर एक बार ये जाहिर हो रहा है कि मामला इतना स्पष्ट नहीं है जितना पुलिस और स्कूल प्रशासन बता रहे हैं।


क्या बोला है रायन स्कूल का गार्ड
प्रद्युम्न की हत्या के बाद स्कूल प्रशासन ने सभी गार्ड्स को नौकरी से निकाल दिया है। रायन स्कूल में गार्ड की नौकरी से निकाले गए शख्स ने दावा किया है कि बच्चे की हत्या के बाद मामले से सुबूत मिटाने की कोशिश हुई, फर्श पर फैले खून को साफ कराया गया और वो दूसरी चीजों से भी छेड़छाड़ की गई। इस पूरे मामले में प्रद्युम्न के माता-पिता भी स्कूल पर साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की बात कह रहे हैं। प्रद्युम्न के साथ पढ़ने वाले बच्चों ने भी खून साफ कराए जाने की बात कही है।

क्या कह रहे हैं बच्चे के माता-पिता
बच्चे की मौत के बाद उसके परिजनों ने लगातार स्कूल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। प्रद्युम्न की मां ज्योति ठाकुर लगातार ये कह रही हैं कि उनके बेटे को मारने वाला अशोक नहीं कोई और है। उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन असली कातिल को छुपा रहा है। प्रद्युम्न के पिता और दूसरे बच्चों के अभिभावकों ने भी कई ऐसे दावे किए हैं जो पूरे मामले में स्कूल की भूमिका पर सवाल खड़े करती है।

जांच के बाद क्या बोली एसआईटी टीम
प्रद्युम्न की हत्या की गुत्थी को हरियाणा पुलिस भले ही सुलझा लेने की बात कह रही हो लेकिन एसआईटी टीम को भी इसमें कई पेंच दिख रहे हैं। एसआइटी ने मामले की जांच के बाद जो रिपोर्ट दी है उसमें इस बात से इंकार नहीं किया गया कि इस हत्या में दो लोग शामिल थे। रिपोर्ट कहती है कि शौचालय की खड़की टूटी हुई है, जो इस बात की तरफ इशारा करती है कि संभवत: वारदात को अंजाम देने के बाद कोई वहां से फरार हुआ है।

पुलिस बस कंडक्टर अशोक को कह रही कातिल
प्रद्युम्न की शुक्रवार सुबह हत्या हुई और पुलिस ने शाम को स्कूल के बस कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। उसने कैमरे पर भी ये स्वीकारा कि उसने बच्चे को मारा है। पुलिस ने अशोक को ही कातिल माना है। पुलिस ने कहा कि रिमांड के बाद ये बात साफ हो गई है कि बच्चे की हत्या अशोक ने की। एसीपी सोहना रोड बीरम सिंह ने मंगलवार को कहा कि बस कंडक्टर की रिमांड पूरी हो चुकी है, हम पूछताछ से संतुष्ट है। पूछताछ के बाद ये साफ है कि अशोक ने ही बच्चे की हत्या की। उन्होंने कहा कि शनिवार को पुलिस चार्जशीट दाखिल करेगी।












Click it and Unblock the Notifications