कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं पाटीदार नेता नरेश पटेल, सोनिया गांधी से आज करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली, 23 अप्रैल: गुजरात में इस साल विधानसभा के चुनाव हैं, जिस वजह से वहां पर राजनीतिक सरगर्मियां काफी तेज हैं। इस बीच खबर आ रही कि गुजरात के पाटीदार नेता नरेश पटेल जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए वो आज दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे, लेकिन अभी तक उनकी ओर से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। नरेश पटेल लेउवा पटेल समाज के खोडलधाम के अध्यक्ष हैं। लेउवा पटेल मुख्य रूप से गुजरात में रहने वाले पाटीदार समुदाय की उप-जाति है।

दरअसल आगामी चुनाव को देखते हुए बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पिछले कई महीनों से नरेश पटेल को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने कोई फैसला नहीं लिया। कुछ दिनों पहले उन्होंने कहा था कि जब तक पटेल समाज उन्हें नहीं बताएगा वो निर्णय नहीं लेंगे। गुजरात में नरेश पटेल की काफी अच्छी पकड़ है, उन्होंने ही खोडलधाम पर भव्य मंदिर का निर्माण करवाया था।
गुजरात में पटेल समुदाय का वोट अत्यधिक प्रभावशाली माना जाता है। वहां की कई सीटों पर उम्मीदवारों का भाग्य इस बात पर निर्भर करता है कि समुदाय किस पार्टी को वोट कर रहा है। गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने हाल ही में कांग्रेस की आलोचना की थी। साथ ही कहा था कि पार्टी द्वारा पाटीदार नेताओं और नरेश पटेल का अपमान किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में हमने नरेश पटेल के राजनीति में शामिल होने के बारे में बहुत कुछ सुना है। क्यों पार्टी निर्णय लेने में इतना समय ले रही है? क्या ये निर्णय लेना इतना मुश्किल है? उनके बयान के बाद से ही ये चर्चा हो रही थी कि नरेश पटेल जल्दी ही कांग्रेस में आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications