Bilkis Bano Case: 'SC ने बता दिया 'अपराधियों का संरक्षक' कौन'? राहुल गांधी का BJP पर हमला
Bilkis Bano News: गुजरात के बिलकिस बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला आया है। 21 साल से भी ज्यादा पुराने इस मामले में शीर्ष अदालत ने दोषियों को जल्द रिहाई देने के फैसले को रद्द कर दिया है। मालूम हो कि पिछले साल 15 अगस्त 2023 को गुजरात सरकार ने सभी 11 दोषियों को समय से पहले रिहाई दे दी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने 11 दोषियों की रिहाई का गुजरात सरकार का फैसला रद्द करते हुए दो हफ्ते के भीतर दोबारा आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। ये सभी दोषी गुजरात के गोधरा में साम्प्रदायिक हिंसा के दौरान बिलकिस बानो नाम की महिला से सामूहिक दुष्कर्म और परिवार के 7 लोगों की हत्या के मामले में सजा काट रहे थे।

राहुल गांधी का बीजेपी पर हमला
अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया आई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि "चुनावी फायदे के लिए 'न्याय की हत्या' की प्रवृत्ति लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरनाक है। आज सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने एक बार फिर देश को बता दिया कि 'अपराधियों का संरक्षक' कौन है। बिलकिस बानो का अथक संघर्ष, अहंकारी भाजपा सरकार के विरुद्ध न्याय की जीत का प्रतीक है।"
अंततः न्याय की जीत हुई- प्रियंका गांधी
वहीं प्रियंका गांधी ने लिखा कि अंततः न्याय की जीत हुई है। सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात दंगों के दौरान गैंगरेप की शिकार बिलकिस बानो के आरोपियों की रिहाई रद्द कर दी है। इस आदेश से भारतीय जनता पार्टी की महिला विरोधी नीतियों पर पड़ा हुआ पर्दा हट गया है। इस आदेश के बाद जनता का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। बहादुरी के साथ अपनी लड़ाई को जारी रखने के लिए बिलकिस बानो को बधाई।












Click it and Unblock the Notifications