हमारे एक जवान के बदले 3 चीनी सैनिकों को मारने का आदेश दे सरकार: अमरिंदर सिंह
नई दिल्ली। लद्दाख के गलवन घाटी में सोमवार की रात भारत और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए। चीन के इस कायराना हरकत पर अब पूरे देश का गुस्सा फूट पड़ा है, लोग मोदी सरकार से सैनिकों की शहादत का बदला लेने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी सरकार से चीन को करारा जवाब देने की अपील की है। अमरिंदर सिंह ने कहा, सीमा पर हुए हिंसक झड़प के जवाब में भारत सरकार को चाहिए कि वह हमारी सेना को आदेश दे कि अगर हमारा एक जवान शहीद हो तो वह चीन के 3 सैनिकों को मारे।

इसके अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सीमा पर भारतीय सैनिकों द्वारा गोली ना चलाने पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने सरकार से पूछा, जब गलवन घाटी में चीनी सैनिकों ने हमारे जवानों पर हमला किया तो चीनियों पर गोली चलाने की अनुमति क्यों नहीं दी गयी? इसके साथ ही सीएम अमरिंदर ने निशाना साधते हुए कहा, कोई अपना काम करने में नाकाम रहा। वे वहां बैठ कर क्या कर रहे थे जबकि उनके साथी मारे जा रहे थे।
अपने बयान में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, जैसा कि अब दावा किया जा रहा है कि यूनिट के पास हथियार थे तो उप कमांडर को उस समय गोली चलाने का आदेश देना चाहिए था जब कमांडिंग अधिकारी चीनियों के विश्वासघात के शिकार हुए। सीएम अमरिंदर ने पूछा है कि देश जानना चाहता है आखिर हमारे सैनिकों ने चीनी सेना को उस तरह जवाब क्यों नहीं दिया जिस तरह से उन्हें प्रशिक्षित किया जाता है।
सीएम ने कहा, अगर उनके पास हथियार थे तो उन्होंने गोली क्यों नहीं चलाई? सीएम अमरिंदर ने इस हमले को भयावह और बर्बर करार दिया है। उन्होंने कहा, मोर्चे पर तैनात सैनिकों को स्पष्ट रूप से यह कहा जाना चाहिये कि अगर वह हमारे एक जवान को मारते हैं तो तुम उनके तीन जवानों को मारो। मैं यह सब एक राजनेता के तौर पर नहीं बोल रहा हूं बल्कि ऐसे शख्स के रूप में कह रहा हूं जो सेना का हिस्सा रह चुका है।
यह भी पढ़ें: माओत्से तुंग की योजना पर आगे बढ़ रहा है चीन, 'हथेली के बाद पांचों उंगलियां' पर कब्जे की खौफनाक रणनीति समझिए












Click it and Unblock the Notifications