मानसून सत्र को लेकर 17 जुलाई को सर्वदलीय बैठक, पीएम मोदी भी होंगे शामिल
नई दिल्ली, 12 जुलाई: संसद के मानसून सत्र से पहले केंद्र सरकार ने 17 जुलाई सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि सर्वदलीय बैठक के दौरान सरकार विपक्षी दलों से मानसून सत्र को सुचारूपूर्ण ढंग से चलाने पर सहयोग मांगेगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सभी दलों को इस बैठक के लिए आमंत्रित किया है। संसद का मॉनसून सत्र 18 जुलाई शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान 19 कार्यदिवस होंगे।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी द्वारा बुलाई गई इस बैठक में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, मल्लिकार्जन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी समेत सभी पार्टियों के लोकसभा और राज्यसभा के फ़्लोर लीडर मौजूद रहेंगे। संसद का 18 जुलाई से शुरू होने वाला मानसून सत्र सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए काफी अहम रहेगा। इस दौरान राष्ट्रपति एवं उप राष्ट्रपति पद के चुनाव होंगे।
सरकार जहां महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराना चाहती है, वहीं विपक्ष अग्निपथ योजना, बेरोजगारी व मंहगाई, जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। वहीं संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन, 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है, जिसके नतीजों की घोषणा 21 जुलाई को की जाएगी।
राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला है तो वहीं उपराष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने नामों का ऐलान नहीं किया है। उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 19 जुलाई है और अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार चुनावी मैदान में रहे तो उपराष्ट्रपति पद के लिए 6 अगस्त को चुनाव होगा।












Click it and Unblock the Notifications