'सरकार के पास कोई प्रस्ताव नहीं, हम दिल्ली कूच करेंगे', किसानों की केंद्र के साथ 5 घंटे की बैठक रही बेनतीजा
Farmers Protest: दिल्ली चलो विरोध मार्च के मद्देनजर भारी संख्या में किसान दिल्ली कूच कर रहे हैं। किसानों द्वारा आज यानी 13 फरवरी को घोषित मार्च के मद्देनजर दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
वहीं, केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच चंडीगढ़ में बैठक हुई। लेकिन बैठक में कोई नतीजा नहीं निकला। किसानों ने दिल्ली कूच का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि 13 फरवरी को सुबह 10 बजे हम दिल्ली कूच करेंगे।

बैठक पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि किसानों के साथ हर विषय पर गंभीर चर्चा हुई। सरकार बातचीत से हर समाधान निकालना चाहती है। हम कुछ विषयों पर एक समझौते पर पहुंचे हैं। लेकिन कुछ विषय ऐसे थे, जिनके स्थाई समाधान के लिए हमने कहा कि एक कमेटी बनानी चाहिए। किसी भी समस्या का समाधान चर्चा से हो सकता है। हमें उम्मीद है कि हम समाधान निकालेंगे। हमारा मकसद यही है किसानों और जनता के अधिकार सुरक्षित हैं।
केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच हुई बैठक पर किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने कहा कि बैठक काफी देर तक चली। हर मांग पर चर्चा हुई, लेकिन ये मांगें नहीं थीं। ये सरकार द्वारा अलग-अलग समय पर की गई प्रतिबद्धताएं थीं। मेरी राय है कि हमें सुबह 10 बजे दिल्ली की ओर बढ़ना चाहिए।
केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच बैठक पर किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि हम कल सुबह 10 बजे दिल्ली जाएंगे। सरकार के पास कोई प्रस्ताव नहीं था। आंदोलन वहीं हुआ है। हमने कोशिश की कि मंत्रियों के साथ चर्चा से हमारे पक्ष में कुछ निष्कर्ष निकले। सरकार जब भी बातचीत के लिए बुलाएगी, हम जाएंगे। बैठक पर किसान नेता रणजीत सिंह राजू ने कहा कि बैठक में कोई सहमति नहीं बनी।
बता दें कि किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी को लेकर कानून बनाने समेत अपनी मांगों को स्वीकार करने के लिए विरोध प्रदर्शन का आह्वान रहे हैं। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए राज्यों की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications