SBI की रिपोर्ट पर बोले अरुण जेटली- नहीं बंद होगा 2000 का नोट
नई दिल्ली। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को एसबीआई की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 2000 के नोट को लेकर मार्केट में जो भी चर्चाएं चल रही हैं वो महज कोरी अफवाह हैं। 2000 के नोट बंद नहीं होंगे न ही सरकार का ऐसा कोई इरादा है। बता दें कि 20 दिसंबर को एसबीआई ने एक रिपोर्ट जारी की थी जिसमें कहा गया था कि 2000 के नोट को आरबीआई बंद करने पर विचार कर रही है।

20 दिसंबर को जारी एसबीआई की रिपोर्ट के मुताबिक आरबीआई ने 8 दिसंबर 2017 तक 15,78,700 करोड़ रुपए के उच्च मूल्यवर्ग वाले नोटों की छपाई की है, लेकिन उनमें से केवल 2,46,300 करोड़ रुपए मूल्य के नोटों को बाजार में उतारा। एसबीआई की रिपोर्ट के मुताबिक आरबीआई या तो 2000 रुपए के नोटों की छपाई रोक सकता है या फिर उसे वापस ले सकता है।
2000 के नोटों को लेकर ईकोफ्लैश ने भी अपनी एक रिपोर्ट में कहा था कि कि ऊंचे मूल्य के नोट को लेनदेन में काफी चुनौती होती है। ऐसे में हो सकता है कि आरबीआई ने स्थिति को सामान्य बनाने के लिए पहले नोटों को काफी मात्रा में छपाई करवाई और बाद में 2000 रुपए के नोटों की छपाई रोक दी हो। लेकिन शुक्रवार को वित्त मंत्री ने इन सभी रिपोर्टों को अफवाहों पर आधारित बताते हुए कहा कि 2000 के नोट को बंद नहीं किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications