वाइस एडमिरल करमबीर सिंह होंगे अगले नौसेना प्रमुख, 31 मई को रिटायर हो रहे हैं सुनील लांबा
नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय ने वाइस एडमिरल करमबीर सिंह को नौसेना स्टाफ का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। नौसेना स्टाफ के वर्तमान प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा का कार्यकाल 31 मई, 2019 को समाप्त हो रहा है। वाइस एडमिरल करमबीर सिंह एडमिरल सुनील लांबा की जगह लेंगे। नेवी प्रमुख के पद के लिए कई नाम प्रस्तावित किये गए थे जिनमें वाइस एडमिरल विमल वर्मा का नाम भी शामिल था। इसके अलावा अगले नौसेना प्रमुख के लिए वाइस एडमिरल अजीत कुमार नाम भी प्रस्तावित था।

वाइस एडमिरल करमबीर सिंह, भारतीय नौसेना के पूर्वी नौसेना कमान के वर्तमान फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ हैं। इन्होंने 31 अक्टूबर, 2017 को ये पदभार ग्रहण किया था। करमबीर सिंह को जुलाई, 1980 में भारतीय नौसेना में नियुक्त किया गया था। साल 1982 में वे हेलीकॉप्टर पायलट बने। उन्हें एचएएल चेतक और कामोव का -25 हेलीकॉप्टरों को उड़ाने का काफी अच्छा अनुभव है। करमबीर सिंह को परम विशिष्ट सेवा मेडल और अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
39 साल से इंडियन नेवी को सेवाएं दे रहे हैं करमबीर सिंह
वर्तमान नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने 31 मई, 2016 को नेवल चीफ का पदभार ग्रहण किया था। उन्होंने एडमिरल रॉबिन धवन से चार्ज लिया था जो 26 फरवरी, 2014 से 31 मई, 2016 तक नौसेना प्रमुख के पद पर सेवारत रहे। करमबीर सिंह नेशनल डिफेंस अकेडमी, खडकवासला के छात्र रहे हैं। 39 साल के अपने करियर में करमबीर सिंह इंडियन कोस्ट गार्ड शिप को कमांड कर चुके हैं। वे वेस्टर्न फ्लीट में फ्लीट ऑपरेशन के अफसर भी रह चुके हैं। वाइस एडमिरल कर्मबीर सिंह ने 31 मई 2016 को वाइस चीफ नेवी का पदभार संभाला था।












Click it and Unblock the Notifications