Gandhi Peace Prize: गोरखपुर स्थित गीता प्रेस को मिलेगा 2021 का गांधी शांति पुरस्कार, संस्कृति मंत्रालय का ऐलान
Gandhi Peace Prize 2021: केंद्र सरकार ने गांधी शांति पुरस्कार को लेकर रविवार को बड़ा ऐलान किया है। संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि गांधी शांति पुरस्कार-2021 गीता प्रेस गोरखपुर को प्रदान किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 18 जून 2023 को 2021 का गांधी शांति पुरस्कार गीता प्रेस को देने का फैसला किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार 2021 से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि उन्होंने लोगों के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक परिवर्तन को आगे बढ़ाने की दिशा में पिछले 100 वर्षों में सराहनीय काम किया है।
गीता प्रेस को यह पुरस्कार सामाजिक, आर्थिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया है। 1923 में स्थापित गीता प्रेस दुनिया के सबसे बड़े प्रकाशकों में से एक है। जिसने 14 भाषाओं में 41.7 करोड़ पुस्तकें प्रकाशित की हैं। जिनमें 16.21 करोड़ श्रीमद् भगवद गीता शामिल हैं। संस्था ने राजस्व के लिए कभी भी प्रकाशनों में विज्ञापन नहीं छापा।
गांधीवादी आदर्शों को बढ़ावा देने में गीता प्रेस का योगदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीवादी आदर्शों को बढ़ावा देने में गीता प्रेस के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि गीता प्रेस को अपनी स्थापना के सौ साल पूरे होने पर गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। यह पुरस्कार महात्मा गांधी के आदर्शों को श्रद्धांजलि के रूप में दिया जाता है। पुरस्कार राष्ट्रीयता, नस्ल, भाषा, जाति, पंथ या लिंग की परवाह किए बिना दिया जाता है। इस पुरस्कार में एक करोड़ रुपये की राशि दी जाती है। इसके साथ ही एक प्रशस्ति पत्र भी दिया जाता है।
इन लोगों को भी मिल चुका है गांधी शांति पुरस्कार
इससे पहले यह पुरस्कार इसरो, रामकृष्ण मिशन, बांग्लादेश के ग्रामीण बैंक, विवेकानंद केंद्र, अक्षय पात्र, सुलभ इंटरनेशनल समेत कई संस्थाओं को मिल चुका है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, तंजानिया के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. जूलियस न्येरेरे सहित कई फेमस लोगों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें- Gita Press: हिंदू धर्म और मानवता की सेवा के 100 वर्ष, गीता प्रेस ने अब तक 92 करोड़ किताबें छापी












Click it and Unblock the Notifications