Googel की सख्ती, भारत में 2.9 मिलियन एडवटाइजर अकाउंट किया निलंबित, क्या है पूरा मामला?
Google News: इंटरनेट और टेक्नोलॉजी की दुनिया की अग्रणी कंपनी गूगल ने अपनी वार्षिक विज्ञापन सुरक्षा रिपोर्ट 2024 में खुलासा किया है कि कंपनी ने भारत में 2.9 मिलियन (29 लाख) विज्ञापनदाताओं के खाते निलंबित कर दिए हैं।
यह कदम कंपनी की विज्ञापन नीतियों के दुरुपयोग और प्लेटफॉर्म पर विश्वास एवं सुरक्षा बनाए रखने के प्रयासों का हिस्सा है। इसके साथ ही भारत में 247.4 मिलियन (24.74 करोड़) विज्ञापनों को भी हटा दिया गया है।

Google की वैश्विक स्तर पर कार्रवाई
गूगल ने वैश्विक स्तर पर 39.2 मिलियन से अधिक विज्ञापनदाता खातों को निलंबित किया, और 5.1 बिलियन विज्ञापनों को प्लेटफॉर्म से पूरी तरह हटा दिया। इसके अतिरिक्त 9.1 बिलियन से अधिक विज्ञापनों पर विभिन्न प्रकार के प्रतिबंध लगाए गए। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि कंपनी अब केवल नीतियों को लागू करने में नहीं, बल्कि उन्हें लगातार अपडेट कर धोखाधड़ी, गलत सूचनाओं और हानिकारक सामग्री से लड़ने में भी सक्रिय हो गई है।
गूगल ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि एआई द्वारा तैयार किए गए घोटालों, जैसे कि जनता में लोकप्रिय व्यक्तियों की नकल कर बनाए गए विज्ञापनों से निपटने के लिए कंपनी ने अपने सुरक्षा उपायों को काफी हद तक अनुकूलित किया है।
गूगल विज्ञापन सुरक्षा टीम ने कहा की हमने देखा कि स्कैमर्स अब एआई का प्रयोग कर प्रसिद्ध हस्तियों की आवाज़ और चेहरों की नक़ल कर लोगों को भ्रमित करने वाले विज्ञापन बना रहे हैं। इस खतरे को पहचानते हुए हमने विज्ञापन समीक्षा प्रक्रियाओं को और अधिक स्मार्ट बनाया है।
एलएलएम (LLM) में 50 से अधिक नए संवर्द्धन
गूगल ने बताया कि 2024 में उसके बड़े भाषा मॉडल (Large Language Models - LLM) में 50 से अधिक महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं, जिससे खाता सेटअप के दौरान ही फर्जी पहचान, अवैध भुगतान विवरण, और अनियमित गतिविधियों की जांच तेजी से हो सके। यह कदम न सिर्फ नई तकनीकों का लाभ उठाने की दिशा में है, बल्कि प्लेटफॉर्म की पारदर्शिता और सुरक्षा को भी मजबूत बनाता है।
गूगल ने बताया कि एक 100 से अधिक विज्ञापन सुरक्षा विशेषज्ञों की टीम ने मिलकर गलत बयानी से जुड़ी अपनी नीति में व्यापक बदलाव किए हैं। इस पहल के तहत 700,000 से अधिक खातों को स्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है जो किसी न किसी रूप में धोखाधड़ी को बढ़ावा दे रहे थे। गूगल के अनुसार, इन सख्त कदमों और नीतिगत बदलावों के चलते AI-जनरेटेड स्कैम विज्ञापनों की रिपोर्टिंग में 90% तक गिरावट दर्ज की गई है, जो कि एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications