कोरोना को लेकर अच्छी खबर, संक्रमितों से कहीं ज्यादा एक दिन में ठीक हुए मरीज
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले बेशक चिंता का विषय बने हुए हैं क्योंकि आए दिन रिकॉर्ड संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं। लेकिन इस बीच एक अच्छी खबर भी आई है। खबर ये है कि भारत में एक दिन में जितने लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं, उससे अधिक संख्या में लोग इस बीमारी से ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय का कहना है कि भारत कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मामलों में अमेरिका से आगे निकलकर विश्व में पहले पायदान पर पहुंच गया है। अब तक कुल रिकवरी 42 लाख के पार हो गई हैं।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने ताजा आंकड़ों में बताया कि एक दिन के भीतर 93,337 नए मामले सामने आए हैं लेकिन इसी अवधि में इससे अधिक लोग रिकवर भी हुए हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार एक दिन के भीतर 95,880 लोग वायरस से ठीक हुए हैं। अब ठीक होने वालों की कुल संख्या 42,08,432 हो गई है। देश में अब रिकवरी दर 79.28 फीसदी हो गई है। वहीं 24 घंटों में 1247 मरीजों की मौत हुई है। 93 हजार से ज्यादा नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 53,08,015 हो गई है, जिसमें 10,13,964 सक्रिय मामले, 42,08,432 रिकवर मामले और 85,619 मौतें शामिल हैं। संक्रमण से मरने वालों की दर घरकर 1.61 फीसदी हो गई है।
देश में टेस्टिंग भी बड़ी संख्या में बढ़ाई गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, 18 सितंबर तक कोरोना वायरस के लिए कुल 6,24,54,254 सैंपल टेस्ट किए गए जिनमें से 8,81,911 सैंपल शुक्रवार को टेस्ट किए गए हैं। मृतकों की संख्या की बात करें तो एक दिन में जहां महाराष्ट्र में 405 मरीजों की मौत हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश में 98, तमिलनाडु में 67, पंजाब में 62, पश्चिम बंगाल में 59 और दिल्ली में 30 मरीजों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications