गोवा बीजेपी में क्या चल रहा है? सीएम प्रमोद सावंत ने मंत्री निलेश कब्राल से लिया इस्तीफा,सिकेरा को जगह
गोवा के पीडब्ल्यूडी मंत्री निलेश कब्राल ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सरकार से रविवार को इस्तीफा दे दिया है। उनसे पार्टी ने इस्तीफा मांगा था, ताकि विधायक एलेक्सो सिकेरा को बीजेपी सरकार में जगह दी जा सके।
एलेक्सो सिकेरा गोवा के उन 8 विधायकों में शामिल हैं, जिन्होंने पिछले साल कांग्रेस का हाथ छोड़कर सत्ताधारी बीजेपी के कमल को थाम लिया था।

'पहले किए गए अपने वादे' को पूरा करने के लिए मंत्री का इस्तीफा
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को निलेश कब्राल ने जो अपना इस्तीफा भेजा है, उसमें उनका दर्द छलक आया है। उन्होंने सीएम प्रमोद सावंत को भेजे इस्तीफे में लिखा है कि वह इसलिए मंत्री पद छोड़ रहे हैं, ताकि 'पहले किए गए अपने वादे' को पूरा कर सके।
कब्राल की जगह एलेक्सो सिकेरा को मौका
मुख्यमंत्री सावंत ने इस बात की पुष्टि की है कि कब्राल के इस्तीफे को राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई को मंजूरी के लिए भेज दिया है। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही सिकेरा को उनकी जगह मंत्रिमंडल में शामिल करने की बात स्पष्ट कर दी है।
बहुत ही भारी-भरकम विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे कब्राल
51 साल के निलेश कब्राल गोवा की कर्चोरेम विधानसभा सीट से विधायक हैं और सावंत सरकार में उनके पास पीडब्ल्यूडी के अलावा कानून और न्याय एवं विधायी मामलों के विभागों की भी जिम्मेदारी थी।
'भारी मन' से दिया निलेश कब्राल ने इस्तीफा
उन्होंने इस्तीफे में लिखा है कि वह बहुत ही 'भारी मन' से इस्तीफा दे रहे हैं और इतना महत्वपूर्ण पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने लिखा है, 'आपके और पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों के अनुरोध के अनुसार पहले किए गए वादे को निभाने के लिए, मैं कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे रहा हूं।'
सीएम सावंत और बीजेपी सरकार के अच्छे भविष्य की कामना की
उन्होंने लिखा है, 'प्लीज इस चिट्ठी को मेरे इस्तीफे की औपचारिक नोटिफिकेशन के तौर पर स्वीकार करें। मेरी कामना है कि कि आप और सरकार गोवा को समृद्धि और प्रगति की ओर ले जाने की अपनी कोशिशों में निरंतर सफल होते रहें......'
गोवा में आज की तारीख में बीजेपी की बड़ी बहुमत की सरकार है। यही वजह है कि उसे कांग्रेस से आए विधायक को जगह देने के लिए अपने एक एमएलए से इस्तीफा लेने में कोई मुश्किल नहीं हुई है। क्योंकि, यह राज्य विधायकों के आया राम-गया राम की वजह से पहले कुख्यात रहा है।
लेकिन, बीजेपी की बहुमत को देखते हुए अभी यह स्थायी सरकार लगती है। उधर 66 साल के सिकेरा ने भी प्रमोद सावंत मंत्रिमंडल में अपने एंट्री की पुष्टि की है।
2022 मेंं 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 20 सीटें जीती थी और कांग्रेस के 11 विधायक चुने गए थे। लेकिन, अब कांग्रेस के पास सिर्फ 3 एमएलए रह गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications