गोवा के मंत्री गोविंद गावडे ने कैबिनेट मीटिंग में लड़ाई की खबरों से किया इनकार
नई दिल्ली। गोवा सरकार के मंत्री गोविंद गावड़े ने उन खबरों को खारिज किया है जिसमें कहा गया था कि उनके और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के मंत्री के बीच कैबिनेट मीटिंग के दौरान तीखी नोंकझोंक हुई थी। मंत्री गोविंद गावडे ने कहा कि कैबिनेट मीटिंग में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जो भी मीडिया में इस प्रकार की खबरें आ रही हैं, गलत हैं। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मीटिंग के दौरान मीडिया का कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।

दरअसल, बीजेपी के नेतृत्व वाली गोवा सरकार में सहयोगी दल महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी ने आरोप लगाया था कि निर्दलीय विधायक गोविंद गावडे ने उनकी पार्टी के नेता और मंत्री सुदीन धवलीकर के साथ बदसलूकी की है। इसको लेकर महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी ने गावडे को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की थी। एमजीपी की इस मांग पर गोवा के मंत्री गोविंद गावडे ने सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी एमजीपी पर शनिवार को निशाना साधा था।
गावडे ने कहा कि वे महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी का सामना करने के लिए तैयार हैं और वे देखते हैं कि कैसे पार्टी उनको कैबिनेट से बाहर करती है। उन्होंने एमजीपी के कार्यकारी अध्यक्ष नारायण सावंत पर भी हमला बोला था। उन्होंने कहा था, 'सावंत एक कुत्ते की तरह हैं जो केवल ये जानता है कि भौंका कैसा जाता है।' गावडे के इस बयान के बाद गोवा में सियासत गरमा गई थी।
गावडे की बर्खास्तगी की मांग करते हुए एमजीपी के कार्यकारी अध्यक्ष नारायण सावंत ने दावा किया था कि निर्दलीय विधायक ने गुरुवार को मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान कुछ मुद्दों पर असहमति जताई थी। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने सुदीन धवलीकर के साथ बदलसूकी थी और उनसे गलत तरीके से बात की थी।












Click it and Unblock the Notifications