गोवा विधानसभा चुनाव 2022: चुनावों से पूर्व गोवा फॉर्वर्ड पार्टी ने किया कांग्रेस के साथ गठबंधन का ऐलान
अगले साल होने वाले गोवा विधानसभा चुनावों से पहले गोवा फॉर्वर्ड पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन का ऐलान किया है।
पणजी, 18 दिसंबर। अगले साल होने वाले गोवा विधानसभा चुनावों से पहले गोवा फॉर्वर्ड पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों पार्टियों ने शनिवार को गोवा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया। गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई ने कहा, 'हमने अतीत में कहा था कि गोवा के 60वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर, हम आपको एक गठबंधन देंगे जो गोवा को इन निर्वाचित निरंकुशता से मुक्त कर देगा।' गोवा को पुर्तगाली शासन से मुक्त कराने वाले भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन विजय' की सफलता को चिह्नित करने के लिए हर साल 19 दिसंबर को गोवा मुक्ति दिवस समारोह का आयोजन किया जाता है। गोवा फॉर्वर्ड पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया, जिसमें उसके नेताओं की कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने हुए एक तस्वीर है साझा की गई है।

बता दें कि गोवा फॉर्वर्ड पार्टी ने साल 2017 में भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। हालांकि कुछ मतभेदों के कारण साल 2019 में वह भाजपा से अलग हो गई। शनिवार को एक ट्वीट कर सरदेसाई ने लिखा- गोवा के लोगों की मजबूत भाजपा विरोधी भावना अब एक जबरदस्त ताकत है। गोवा को भाजपा से मुक्ति दिलाना केवल हमारा ही नहीं पूरे गोवावासियों का उद्देश्य है। हम गोवा में अब तक देखी गई सबसे भ्रष्ट, अनैतिक अनैतिक सरकार को खत्म करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
यह भी पढ़ें: बढ़ा तीसरी लहर का खतरा! नवी मुंबई के एक ही स्कूल में 16 छात्र मिले कोरोना पॉजिटिव
बता दें कि इस गठबंधन के लिए गोवा कांग्रेस के प्रभारी गुंडू राव को जिम्मेदार माना जा रहा है, जिन्होंने गठबंधन के लिए पिछले हफ्ते दोनों पार्टियों को सहमत किया। 30 नवंबर को सरदेसाई ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी और कहा था कि हमें गोवा की दूसरी मुक्ति के लिए उस व्यक्ति के परपोते के साथ काम करने पर गर्व है, जिसने गोवा को पहले मुक्ति दिलाई। इस बीच, कांग्रेस ने इस सप्ताह की शुरुआत में राज्य विधानसभा चुनावों के लिए आठ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी ने तलेगांव विधानसभा सीट से टोनी रोड्रिग्स और पोंडा सीट से राजेश वेरेनकर को मैदान में उतारा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और सुधीर कनोलकर भी क्रमशः मडगांव विधानसभा सीट और मापुसा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि विधानसभा 40 सीटों के लिए अगले साल फरवरी में चुनाव होना है, जिसमें बहुमत के लिए 21 सीटों की जरूरत होगी।












Click it and Unblock the Notifications