गंभीर ने साधा केजरीवाल सरकार पर निशाना, कहा-पहले तो यहां ऑक्सीजन था, ऑक्सीजन भगाया AAP ने
Recommended Video

नई दिल्ली। मशहूर क्रिकेटर और ज्वलंत मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखने वाले क्रिकेटर गौतम गंभीर ने एक बार फिर से दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है, इस बार उन्होंने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए केजरीवाल सरकार पर हमला बोला है। गंभीर ने इस सिलसिले में एक ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि केजरीवाल सरकार के झूठे वादों के कारण हमारी पीढ़ियां धुएं में जी रही है।

गंभीर ने साधा केजरीवाल पर निशाना
उन्होंने हिंदी फिल्मी गाने के अंदाज में ट्वीट किया है, उन्होंने लिखा कि दर्दे दिल, दर्दे जिगर दिल्ली में जगाया AAP ने, पहले तो यहां ऑक्सीजन था, ऑक्सीजन भगाया AAP ने, हमारी पीढ़ियां आपके झूठे वादों के कारण धुएं में जी रही हैं। आपके पास डेंगू और प्रदूषण को रोकने के लिए एक साल का वक्त था, दुख की बात है कि आपने दोनों में से किसी को नियंत्रित नहीं किया। जाग जाइए।'
दिल्ली की हवा की क्वालिटी लगातार खराब
अपने ट्वीट के साथ ही गौतम गंभीर ने दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके की एक तस्वीर भी शेयर की है जहां की हवा काफी स्मॉग छाया नजर आ रहा है। आपको बता दें कि दिल्ली में प्रदूषण का स्तर चरम सीमा पर पहुंच गया है। दिल्ली की हवा की क्वालिटी लगातार खराब होती जा रही है।

चुनावी रण में उतर सकते हैं गंभीर!
मालूम हो कि इन दिनों चर्चा है कि गौतम गंभीर लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं, मीडिया खबरों के मुताबिक उन्हें दिल्ली में भाजपा की सांसद मीनाक्षी लेखी की जगह भाजपा का टिकट मिल सकता है। 'द संडे' में छपी खबर के मुताबिक बीजेपी मीनाक्षी लेखी के काम को लेकर खुश नहीं और ना ही लेखी ने अपने चुनावी क्षेत्र में कोई काम किया है, ऐसे में भाजपा मीनाक्षी की जगह दिल्ली निवासी गौतम गंभीर को मौका दे सकती है।

बीजेपी संग गंभीर शुरू करेंगे सियासी पारी!
गौरतलब है कि गंभीर केवल एक क्रिकेटर ही नहीं बल्कि सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी जाने जाते हैं और लोगों मे खासा लोकप्रिय भी है, ऐसे में बीजेपी उन्हें राजनीति पारी का आगाज करने का मौका दे सकती है, फिलहाल गंभीर की ओर से इस मसले पर कोई बयान नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications