गौतम गंभीर ने छोड़ी राजनीति, नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, PM मोदी और नड्डा से कही ये बड़ी बात
Gautam Gambhir quits BJP : भारत के पूर्व क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से भाजपा के सांसद गौतम गंभीर ने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। गौतम गंभीर ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा से कहा है कि, उन्हें सियासी दायित्व से मुक्त कर दिया जाए।
अब ये साफ हो गया है कि गौतम गंभीर लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। गौतम गंभीर फिलहाल पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। गौतम गंभीर 2019 में लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। वर्तमान में वो आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के मेंटर हैं।

गौतम गंभीर ने कहा- मुझे मेरे राजनीतिक कर्तव्यों से मुक्त करें
गौतम गंभीर ने ट्वीट कर कहा, ''मैंने माननीय पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से अनुरोध किया है, कि मुझे मेरे राजनीतिक कर्तव्यों से मुक्त करें ताकि मैं अपनी आगामी क्रिकेट प्रतिबद्धताओं पर ध्यान केंद्रित कर सकूं।''
गौतम गंभीर ने आगे कहा, ''मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को हृदय से धन्यवाद देता हूं। इसके साथ ही माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी ने मुझे लोगों की सेवा करने का अवसर दिया, इसके लिए धन्यवाद। जय हिन्द!''
गौतम गंभीर की जगह कौन लड़ेगा लोकसभा चुनाव? (Who is replace Gautam Gambhir)
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक गुरुवार (29 फरवरी) को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई। बैठक में लगभग 17 राज्यों में लोकसभा चुनाव सीटों पर चर्चा पर ध्यान केंद्रित किया गया। बैठक के दौरान 155 से ज्यादा सीटों को लेकर फैसले किए गए, जिसका जानकारी अगले कुछ दिनों में जारी होने की उम्मीद है।
पार्टी अपने उम्मीदवारों की सूची जल्द ही घोषित कर सकती है। ऐसी अटकलें हैं कि दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा या पार्टी महासचिव हर्ष मल्होत्रा गौतम गंभीर की जगह पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सात सीटों पर भाजपा और इंडिया ब्लॉक के सहयोगी आप और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला होगा।












Click it and Unblock the Notifications