कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए गौतम गंभीर ने 50 लाख रुपए की मदद का किया ऐलान
नई दिल्ली। पूरा देश जानलेववा कोरोना वायरस के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ रहा है। सरकार संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। संक्रमण के चलते कई राज्यों में लॉकडाउन कर दिया गया है, जिसकी वजह से लोगों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। संक्रमण के चलते गरीबों को खासा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में समाज के अलग-अलग वर्ग से मदद के लिए लोग हाथ बढ़ा रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने भी कोरोना वायरस संक्रमण से लड़ने के लिए 50 लाख रुपए का फंड देने का ऐलान किया है।
Recommended Video

50 लाख का फंड
गौतम गंभीर ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, बिना हथियार जंग नहीं जीती जाती! Corona के इलाज और उपकरणों में कोई कमी ना हो इसलिए चाहता हूँ कि अस्पतालों को मेरे सांसद फण्ड से 50 लाख दिए जाएं। घर के अंदर रहें, सावधानी और सफ़ाई रखें और सरकार का साथ दें। गौतम गंभीर ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को यह फंड देने का ऐलान किया है।

पूरी दिल्ली में धारा 144
गौरतलब है कि पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू है। इससे पहले पुलिस ने तमाम प्रदर्शनकारियों को सूचित किया था कि प्रदर्शन स्थल पर 4 से अधिक महिलाएं नहीं बैठ सकती हैं। पुलिस की ओर से कहा गया कि 31 मार्च तक चार से अधिक महिलाएं यहां नहीं बैठ सकती हैं। पुलिस के अनुसार चार से अधिक अगर कोई भी महिला यहां बैठती है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से कहा है कि वह एक दूसरे से कम से कम 3 मीटर की दूरी बनाकर बैठें। लेकिन अब पुलिस ने इन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लगातार बढ़ रहे हैं संक्रमण के मामले
बता दें कि कोरोना वायरस के चलते 30 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के 548 जिलों में सोमवार की शाम पूरी तरह लॉकडाउन की घोषणा की गई। अकेले सोमवार को 95 नए कोरोना पॉजिटिव केसों की पुष्टि हुई जो एक दिन में अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। सोमवार की रात तक इस वायरस से कुल 471 लोग पॉजिटिव पाए गए। वहीं दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, चंडीगढ़, पुडुचेरी में 31 मार्च तक कर्फ्यू लागू हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications