Gautam Adani ने थाईलैंड की कंपनी के साथ की बड़ी डील, भारत के लिए कैसा है सौदा?
Gautam Adani Group: अरबपति कारोबारी गौतम अडानी के अडानी ग्रुप ने थाईलैंड की इंडोरामा रिसोर्सेज (Indorama Resources Ltd) के साथ साझेदारी करके वैलोर पेट्रोकेमिकल्स (Valor Petrochemicals Ltd) नाम से एक संयुक्त उद्यम (joint venture) या नई कंपनी बनायी है। अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सहायक कंपनी अडानी पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड और इंडोरामा ने बराबर हिस्सेदारी के साथ रिफाइनरी,पेट्रोकेमिकल और केमिकल बिजनेस में उतरने के लिए हाथ मिलाया है।
कंपनी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी साझा की गई है। इसमें कहा गया है,अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड 'ने इंडोरामा रिसोर्सेज लिमिटेड, थाईलैंड के साथ वैलोर पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (VPL) नाम से एक संयुक्त उद्यम कंपनी के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली है।'

Gautam Adani: महाराष्ट्र से वैलोर पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के काम की शुरुआत की संभावना
कंपनी की ओर से यह भी जानकारी साझा की गई है कि 'वीपीएल को रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल और केमिकल बिजनेस स्थापित करने के उद्देश्य से बनाया गया है।' अंग्रेजी अखबार ईटी ने सूत्रों के हवाले रिपोर्ट दी है कि इस संयुक्त कंपनी की शुरुआत महाराष्ट्र में 32 लाख टन की क्षमता वाली प्यूरिफाइड टेरेफ्थैलिक एसिड (PTA) परियोजना स्थापित करने के साथ होगी।
Gautam Adani: गुजरात के मुंद्रा में भी यह संयुक्त शुरू कर सकता है प्रोजेक्ट
अभी इस संयुक्त कंपनी की निवेश की योजना लगभग 3 बिलियन डॉलर रहने की संभावना है। सूत्रों की मानें तो भविष्य में यह संयुक्त उद्यम गुजरात के मुंद्रा प्रोजेक्ट में भी निवेश की ओर कदम बढ़ा सकता है। थाईलैंड स्थित इंडोरामा वेंचर्स एक पब्लिक कंपनी लिमिटेड है, जो दुनिया की सबसे बड़ी पेट्रोकेमिकल उत्पादकों में से एक है।
वहीं अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी है, जो इसके विभिन्न तरह के कारोबार के लिए एक हर तरह की मददगार की भूमिका निभाती है। अभी यह हवाई अड्डे,डेटा सेंटर,रक्षा और एयरोस्पेस के साथ-साथ सोलर मैन्यूफैक्चरिंग जैसे कारोबार से जुड़ी है।
Gautam Adani: विल्मर इंटरनेशनल के साथ डील तोड़ने के बाद अडानी ग्रुप ने बढ़ाया नया कदम
हाल ही में इसने विल्मर इंटरनेशनल (Wilmar International) के साथ अपने 25 साल पुराने संयुक्त उद्यम से बाहर निकलने का एलान किया था,जो करीब 2 बिलियन डॉलर की डील थी। तब इसकी ओर से कहा गया था कि अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड इस फंड का इस्तेमाल अपने एनर्जी, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक और यूटिलीज से जुड़े मुख्य इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर करेगा।
2021 में अडानी पेट्रोकेमिकल को अडानी एंटरप्राइजेज की स्वामित्व वाली सहायक कंपनी के रूप में शामिल किया गया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी ने चरणबद्ध तरीके से 2 एमएमटी पीवीसी क्षमता वाली परियोजना स्थापित करने पर काम शुरू भी कर रखा है, जिसमें से 1 एमएमटी क्षमता अगले साल तक तैयार भी हो जाएगी।
Gautam Adani: गुजरात के मुंद्रा में अडानी पेट्रोकेमिकल पहले से ही विकसित कर रहा है क्लस्टर
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अडानी पेट्रोकेमिकल गुजरात के मुंद्रा में पहले से ही पेट्रोकेमिकल क्लस्टर विकसित कर रहा है, जिसमें पीवीसी प्लांट भी शामिल है। इस प्लांट की कुल अनुमानित लागत लगभग 35,000 करोड़ रुपए है। माना जा रहा है कि पूरी तरह से तैयार हो जाने पर यह भारत की सबसे बड़ी पीवीसी मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट होगी।












Click it and Unblock the Notifications