मुश्किल में कमलनाथ, पार्टी के ही विधायक हुए बागी, अखिलेश भी दे चुके चेतावनी
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में बहुमत के आंकड़े से 2 सीटें कम पाने के बाद कांग्रेस ने कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार तो बना ली है, लेकिन उसके लिए चुनौतियां कम नहीं हैं। खबर है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ के मंत्रिमंडल में जगह न मिलने की वजह से कांग्रेस के तीन विधायक नाराज हो गए हैं। मंत्री ने बनाए जाने से नाराज इन जीनों विधायकों की नाराजगी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि इनमें से एक ने तो सीधे ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोल दिया है, जबकि दूसरे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा है। मध्य प्रदेश विधानसभा में बहुमत के लिए कांग्रेस को 116 विधायकों की जरूरत थी, लेकिन उसके 114 विधायक ही जीत दर्ज कामयाब रह पाए। कमलनाथ सरकार चार निर्दलीय (कांग्रेस के पूर्व बागी), एक सपा विधायक और दो विधायकों के समर्थन से चल रही है। ऐसे में एक साथ पार्टी के 3 विधायकों के नाराज होने से कमलनाथ के लिए किसी भी वक्त मुसीबत खड़ी हो सकती है।

एदल सिंह कंषाना ने दिग्विजय सिंह से की सिंधिया की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, कमलनाथ मंत्रिमंडल में जगह न मिलने से जो विधायक नाराज हो गए हैं, उनके नाम- एदल सिंह कंषाना, डॉक्टर हीरा अलावा और हरदीप डंग। एदल कंषाना ने तो बाकायदा मीडिया से बात करके विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने स्थानीय अखबार नई दुनिया से बातचीत में ज्योतिरादित्य सिंधिया और बाबरिया ने उन्हें मंत्री नहीं बनने दिया। उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह तथा पूर्व पीसीसी अध्यक्ष अरुण यादव से इसकी शिकायत की है। कंषाना मुरैना क्षेत्र से आते हैं। इस इलाके से कांग्रेस को छह सीटें मिली हैं, लेकिन एक भी मंत्री नहीं बनाया गया है।

हीरा अलावा का दावा- खुद राहुल गांधी ने किया था सरकार में शामिल करने का वादा
वहीं, मनावर विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉक्टर हीरा अलावा ने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्वयं उनसे वादा किया था कि सरकार में उनकी हिस्सेदारी रहेगी। अब उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से मिलने का समय मांगा है। इसके अलावा मंदसौर लोकसभा क्षेत्र में जीत दर्ज करने वाले इकलौते विधायक हरदीप डंग भी नाराज हैं। उनका कहना है कि वह पार्टी फोरम पर विरोध दर्ज कराएंगे। इन तीनों के अलावा विधायक केपी सिंह के समर्थक भी भड़के हुए हैं। समर्थकों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है। विरोध दर्ज कराने के लिए पार्टी के कई पदाधिकारियों ने तो फेसबुक पर इस्तीफे भी पोस्ट कर डाले हैं।

अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दी खुली चेतावनी
मंत्रिमंडल में जगह न मिलने की वजह से मंगलवार को ग्वालियर में कई जगहों पर प्रदर्शन हुए। विधायकों के समर्थकों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए मुरैना और भिंड से लगी सीमा पर सुरक्षा कड़ी की गई। दूसरी ओर कमलनाथ मंत्रिमंडल में सपा के इकलौते विधायक को जगह न मिलने की वजह से अखिलेश यादव भी नाराज हैं। सपा का एक विधायक एमपी चुनाव में जीतकर आया, जिसने कमलनाथ सरकार को समर्थन भी दिया, लेकिन उसे मंत्री नहीं बनाया गया। अब अखिलेश यादव खुलकर धमकी दे रहे हैं और कह रहे हैं कि कांग्रेस ने जिस प्रकार से बर्ताव किया है, उससे आगे का रास्ता उसने खुद ही साफ कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications