हाईकोर्ट के 4 मुख्य न्यायाधीशों और 6 जजों का किया गया ट्रांसफर
नई दिल्ली। देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों के चार मुख्य न्यायाधीशों और छह न्यायमूर्तियों का गुरुवार को तबादला किया गया है। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने गुरुवार को ये जानकारी दी। कानून मंत्रालय के मुताबिक तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम के मुख्य न्यायाधीशों के तबादले किए गए हैं। वहीं मध्य प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख, मद्रास, कलकत्ता, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के न्यायमूर्तियों के भी तबादले किए गए हैं।
मंत्रालय के मुताबिक तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश राघवेंद्र सिंह चौहान का तबादला उत्तराखंड हाईकोर्ट में किया गया है। जबकि आंध्र प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश जितेंद्र कुमार माहेश्वरी को सिक्किम भेजा गया है। ओडिशा के मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक का ट्रांसफर मध्य प्रदेश किया गया है जबकि सिक्किम के मुख्य न्यायाधीश अरूप कुमार गोस्वामी का तबादला आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर किया गया है।