Jagdeep Dhankhar: इस्तीफे के 53 दिन बाद सामने आए जगदीप धनखड़, कब, कहां और किससे मिले पूर्व उपराष्ट्रपति?
Jagdeep Dhankhar Public Appearance: देश को आज यानी 12 सितंबर को नया उपराष्ट्रपति मिल चुका है। सी. पी. राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की। इस दौरान पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी लंबे समय के बाद नजर आए। 21 जुलाई की रात इस्तीफा देने के बाद से वो सामने नहीं आए थे। अब अपने इस्तीफे के 53 दिनों बाद जगदीप धनखड़ देश के सामने आए हैं। वो उपराष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे।
जगदीप धनखड़ पहली पंक्ति में बैठे नजर आए। हाल ही में पद से इस्तीफा देने के बाद उनका यह सार्वजनिक आगमन विशेष चर्चा का विषय रहा। शपथ ग्रहण समारोह में ओडिशा और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों और विपक्षी नेताओं की भी उपस्थिति रही, जिससे यह कार्यक्रम और खास बन गया। पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ वेंकैया नायडू के पास बैठे थे। उनके बगल की एक सीट छोड़कर आंध्रा के सीएम चंद्रबाबू नायडू बैठे थे।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण में शामिल होने पहुंचे धनखड़ वहां वेंकैया नायडू से गुफ्तगू करते नजर आए। अपने पद से इस्तीफा देने के बाद धनखड़ नजर नहीं आए थे। इस दौरान उनके इस्तीफे को लेकर तरह-तरह के कयास भी लगाए जा रहे थे। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ा था लेकिन विपक्ष लगातार उनके इस्तीफे को लेकर सवाल उठा रही थी और इसके पीछे किसी साजिश की बात कह रही थी।
ये भी पढ़ें: 34.44 लाख रुपये की पेंशन उठाएंगे जगदीप धनखड़, 3 अलग-अलग जगह से बरसेगा पैसा! क्या है इतनी बड़ी रकम मिलने की वजह?
कहां रह रहे हैं जगदीप धनखड़?
21 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद जगदीप धनखड़ इस समय दिल्ली में रह रहे हैं। उन्होंने उपराष्ट्रपति आवास खाली कर दिया है और फिलहाल अस्थायी तौर पर छतरपुर के गड़ैपुर इलाके में स्थित अभय सिंह चौटाला के फार्महाउस में ठहरे हुए हैं। जब तक धनखड़ को नया सरकारी आवास आवंटित नहीं किया जाता, वो इसी जगह पर रहेंगे।
सी. पी. राधाकृष्णन बने नए उपराष्ट्रपति
सी. पी. राधाकृष्णन ने आज भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में हुए समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री और विपक्षी नेता मौजूद रहे। राधाकृष्णन को हाल ही में हुए चुनाव में बड़ी जीत मिली थी और अब वे राज्यसभा के सभापति के रूप में भी अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
9 सितंबर को हुआ था उपराष्ट्रपति का चुनाव
उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर 2025 को हुआ था। इसमें NDA उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन और विपक्ष के उम्मीदवार पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी आमने-सामने थे। इस चुनाव में कुल 752 वोट डाले गए, जिनमें से राधाकृष्णन को 452 वोट मिले जबकि रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए। इस तरह राधाकृष्णन ने 152 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की और भारत के 15वें उपराष्ट्रपति बने।
ये भी पढ़ें: 'बात को ज्यादा ना खींचे', धनखड़ के इस्तीफे पर अमित शाह ने तोड़ी चुप्पी, पद छोड़ने की वजह पर क्या बोले गृह मंत्री?












Click it and Unblock the Notifications