पी चिदंबरम का पेट्रोल-डीजल के दाम में कटौती को लेकर सरकार पर निशाना, बोले- राज्यों के लिए आगे कुआं-पीछे खाई
ईंधन की कीमतों पर वैट कटौती के बाद कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने निर्मला सीतारमण पर निशाना साधा है।
नई दिल्ली, 22 मई: ईंधन की कीमतों पर वैट कटौती के बाद कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने निर्मला सीतारमण पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क घटाने की अधिसूचना अब आ गई है। दरअसल कटौती अतिरिक्त उत्पाद शुल्क में की गई है, जिसे राज्यों के साथ साझा नहीं किया जाता है।

पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि दो महीने में 10 रुपये प्रति लीटर बढ़ाएं और पेट्रोल पर 9.50 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल पर 7 रुपये प्रति लीटर की कटौती करें। यह अधिक लूटने और बाद में कम भुगतान करने के बराबर है। उन्होंने कहा कि राज्यों से किया गया वित्त मंत्री का आह्वान व्यर्थ है। जब वह केंद्रीय उत्पाद शुल्क में एक रुपये की कटौती करती हैं, तो उस रुपये का 41 पैसा राज्यों का होता है। इसका मतलब है कि केंद्र ने 59 पैसे और राज्यों ने 41 पैसे की कटौती की है। राज्यों के लिए आगे कुआं पीछे खाई जैसी स्थिति है।
राज्यों को पेट्रोल तथा डीजल पर उत्पाद शुल्क का बहुत कम हिस्सा मिल रहा
पी चिदंबरम ने कहा कि असली कटौती तब होगी जब केंद्र पेट्रोल और डीज़ल पर लगने वाले उपकर में कटौती करे (जो राज्यों के साथ साझा नहीं किया जाता है)। उन्होंने कहा कि राज्यों को पेट्रोल तथा डीजल पर उत्पाद शुल्क का बहुत कम हिस्सा मिल रहा है। उन्हें पेट्रोल और डीजल पर जो राजस्व मिलता है वह वैट के माध्यम से मिलता है।
डीजल पेट्रोल के दामों में की कटौती
साथ ही उन्होंने कहा कि अगर केंद्र, राज्यों को और निधि या अनुदान नहीं देता है तो क्या राज्य पेट्रोल और डीजल पर वैट से मिलने वाले राजस्व को छोड़ने की स्थिति में होंगे? बता दें कि शनिवार को, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बढ़ते ईंधन की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में 8 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 6 रुपये लीटर की कटौती की घोषणा की।












Click it and Unblock the Notifications