कोविड वैक्सीनेशन पर RBI के पूर्व गवर्नर ने केंद्र से कह दी बड़ी बात.....जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते
हैदराबाद, 6 मई: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व गवर्नर सी रंगराजन ने कोरोना टीकाकरण को लेकर केंद्र सरकार से बहुत बड़ी बात कह दी है। उन्होंने कहा है कि सबको टीका लगाने की जिम्मेदारी से केंद्र भाग नहीं सकता। उन्होंने कहा है कि कोरोना महामारी को नियंत्रित करने के लिए सभी लोगों को टीका लगवाने की जिम्मेदारी केंद्र को लेनी चाहिए। रंगराजन ने हैदराबाद में आईसीएफएआई फाउंडेशन फॉर हाइयर एजुकेशन की ओर से आयोजित एक वर्चुल कॉनफ्रेंस के उद्घाटन सत्र के मौके पर यह बात कही है। उन्होंने कहा कि इसमें बहुत ज्यादा खर्चा है, लेकिन केंद्र सबको वैक्सीनेशन की जिम्मेदारी ले और राज्यों को बाकी मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर- जैसे कि अस्पताल, मेडिकल स्टाफ की भर्ती पर खर्च करना चाहिए।

केंद्र जिम्मेदारी से भाग नहीं सकता-रंगराजन
प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद के पूर्व अध्यक्ष रहे रंगराजन का कहना है, 'वैक्सीनेशन महत्वपूर्ण है। यह सबको मिलनी चाहिए। इसलिए यह सरकार की जिम्मेदारी है और मैं केंद्र सरकार से कहूंगा कि लोगों का वैक्सीनेशन अपने खर्चे पर करवाए।' उनका कहना है, 'मैं समझता हूं कि सरकार या भारत सरकार की जिम्मेदारी बहुत ही स्पष्ट है और उसे इस जिम्मेदारी से नहीं भागना चाहिए। मैं जानता हूं कि इसमें बहुत ज्यादा लागत आने वाली है, लेकिन इसे उठाना पड़ेगा और स्पष्ट तौर पर यह भारत सरकार की जिम्मेदारी है।'
वैक्सीनेशन का पूरा खर्च उठाए केंद्र- रंगराजन
बाद में उन्होंने कहा कि क्योंकि वैक्सीनेशन की जिम्मेदारी केंद्र की होगी तो इसकी अलग-अलग कीमतों की बात ही नहीं आएगी। इस समय वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों के लिए तीन तरह की कीमतें निर्धारित की गई हैं- केंद्र सरकार के लिए, राज्य सरकारों के लिए और निजी सप्लाई के लिए। उन्होंने यह भी कहा कि, 'मैं यह कह रहा हूं कि वैक्सीनेशन केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। केंद्र सरकार को इसका पूरा खर्चा उठाना चाहिए। वो बातचीत करे और एक दाम तय करे और फिर उसका वितरण करे।' उनका यह भी कहना है कि अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए केंद्र और राज्य दोनों सरकारों को अपना खर्च बढ़ाना होगा।












Click it and Unblock the Notifications