कैप्टन अमरिंदर सिंह बोले- मैं भाजपा में नहीं जा रहा लेकिन कांग्रेस में भी नहीं रहूंगा
नई दिल्ली, 30 सितंबर: पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि वह भारतीय जनता पार्टी में नहीं शामिल होंगे। बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद बीजेपी में जाने की अटकलों पर अमरिंदर सिंह ने आज कहा कि वह भाजपा में नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा, अब तक कांग्रेस में हूं लेकिन ये भी तय है कि मैं कांग्रेस में भी नहीं रहूंगा।
Recommended Video

फिर कही कांग्रेस में अपमान की बात
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एनडीटीवी से एक बातचीत में कहा, मैं बीजेपी में नहीं जा रहा हूं, इसको लेकर किसी कयासबाजी की जरूरत नहीं है। ये भी जरूर है कि मैं जल्द ही कांग्रेस छोड़ने वाला हूं। इस पार्टी में मेरा अपमान हुआ है और अपमान मुझे सहन नहीं होता है। कांग्रेस में 50 साल रहने के बाद भी अगर इस तरह का बर्ताव होगा तो उसे बर्दाश्त करना मुमकिन नहीं है।

क्या नया दल बनाएंगे अमरिंदर सिंह
अमरिंदर सिंह के बीजेपी में ना जाने और कांग्रेस छोड़ने की बात कहने के बाद माना जा रहा है कि वो अपनी पार्टी बनाकर पंजाब की सियासत में नया दांव ठोकेंगे। ये भी दावा किया जा रहा है कि अमरिंदर सिंह 2 अक्टूबर को कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं।

19 सितंबर को छोड़ दिया था सीएम पद
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 19 सितंबर को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद वो कांग्रेस आलकमान पर लगातार हमले बोल रहे हैं। बुधवार को उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से मुलाकात की है। ऐसे में ये तय माना जा रहा है कि अमरिंदर सिंह चुपचाप बैठने वाले नहीं हैं। नवजोत सिद्धू को हराने के लिए उम्मीदवार उतारने का ऐलान कैप्टन पहले ही कर चुके हैं।
ना-नकुर के बाद आखिर अमरिंदर सिंह ने की अमित शाह से मुलाकात, बीजेपी में जाने की अटकलें












Click it and Unblock the Notifications