पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा की पत्नी विमला शर्मा के अंतिम संस्कार में भिड़े उनकी नाती और बेटा, पुलिस तक पहुंचा मामला
पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा की पत्नी विमला शर्मा के अंतिम संस्कार में
नई दिल्ली। भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा की पत्नी विमला शर्मा के निधन के बाद उनके परिवार के लोगों ने आपस में कई तरह के आरोप लगाए हैं। जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। शनिवार (15 अगस्त) को विमला शर्मा का निधन हो गया था। रविवार को राजधानी दिल्ली में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान ही उनके परिवार की आंतरिक कलह सामने आ गई। इस दौरान कथित तौर पर मारपीट, धक्कामुक्की भी हुई। परिवार के दो पक्षों ने एक-दूसरे पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। इसमें एक तरफ विमला शर्मा की नातिन अवंतिका हैं तो दूसरी ओर उनके बेटे और बहू हैं।

नातिन का आरोप, मामा-मानी ने की मारपीट
विमला शर्मा की नातिन अवंतिका (उनकी बेटी गीतांजलि की बेटी) ने आरोप लगाया है कि जब वो नानी की मौत की खबर सुनकर उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंची तो मामा आशुतोष दयाल शर्मा, मामी रति शर्मा और उनकी बेटी तान्या ने उनके परिवार के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उन्हें और उनके पति को कमरे में बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के वक्त उनके साथ बदसलूकी और धक्कामुक्की की गई। वहीं विमला शर्मा के बेटे आशुतोष दयाल शर्मा के परिवार की ओर से अवंतिका पर बदसलूकी के आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने कहा- मामले को देख रहे
तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि वो दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की जांच के बाद ही कुछ कहेंगे। बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा और विमला शर्मा के एक बेटा आशुतोष दयाल और बेटी गीतांजलि हैं। आशुतोष दयाल पत्नी रति और बेटी तान्या के साथ दिल्ली में विमला देवी के सरकारी आवास में रहते हैं। वहीं उनकी बेटी गीतांजलि की 1985 में हत्या कर दी गई थी। गीतांजलि की बेटी अवंतिका है, जिनको मां की मौत के बाद नानी विमला शर्मा ने ही पाला।

1992 से 1997 राष्ट्रपति रहे थे डॉ शंकर दयाल शर्मा
देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा की पत्नी विमला शर्मा का गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में शनिवार को 93 साल की आयु में निधन हो गया था। शंकर दयाल शर्मा भारत के नौवें राष्ट्रपति थे। वो जुलाई 1992 से 1997 तक इस पद पर रहे। राष्ट्रपति बनने से पहले वे भारत के आठवें उपराष्ट्रपति और 3 सितंबर 1987 से 24 जुलाई 1992 तक राज्य सभा के पदेन अध्यक्ष भी रहे थे। शंकर दयाल शर्मा का दिसंबर 1999 में निधन हो गया था।
ये भी पढ़ें- पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सेहत में नहीं हुआ सुधार, अब भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर












Click it and Unblock the Notifications