भारत में बोले पाक के पूर्व एनएसए, पाकिस्तान के आतंकी संगठन ने ही दिया 26/11 को अंजाम
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) महमूद अली दुर्रानी ने भारत में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा मुंबई हमलों को पाकिस्तान के ही आतंकी संगठन ने दिया अंजाम।
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) महमूद अली दुर्रानी इस समय भारत में हैं। यहां पर उन्होंने एक ऐसा बयान दिया है जो न सिर्फ पाकिस्तान की मुसीबतें बढ़ाने वाला है बल्कि आतंकवाद में उसकी भूमिका को भी सामने लाता है। दुर्रानी ने सोमवार को एक कार्यक्रम में इस बात की पुष्टि कर दी कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों में पाक आतंकी संगठन का हाथ था।

पाक पर साधा निशाना
दुर्रानी सोमवार को 19वीं एशियन सिक्योरिटी कांफ्रेंस में थे और यहां पर उन्होंने कहा कि 26/11 सीमा पार से जारी आतंकवाद का एक क्लासिक उदाहरण है। इसे पाकिस्तान में ही आधारित एक आतंकी संगठन ने अंजाम दिया था। इंडियन डिफेंस स्टडीज एंड एनालिसिस की ओर से इस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया था। रिटायर्ड मेजर जनरल रहे दुर्रानी ने कहा कि आतंकवाद को हराने में कई मूलभूत चुनौतियां हैं और ये चुनौतियां हैं देशों के बीच में आपसी मतभेद होना और आपसी भरोसे की कमी का होना। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद चाहे किसी भी रूप में हो उसे प्रतिबंधित करना होगा और बलपूर्वक उसकी निंदा करनी होगी। सिर्फ इतना ही उन्होंने पाक पर अप्रत्यक्ष तौर पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि हर देश को आतंकवाद के हर स्वरूप की निंदा करनी चाहिए।
2008 से 2009 तक पाक के एनएसए
दुर्रानी वर्ष 2008 से वर्ष 2009 तक पाक के एनएसए रहे थे और उस समय यूसुफ रजा गिलानी पाक प्रधानमंत्री थे। गिलानी ने उन्हें वर्ष 2009 में उनके पद से हटा दिया था। दुर्रानी पर आरोप लगाया कि वह विदेशी, राष्ट्रीय और क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर पीएम को सलाह देने में नाकाम रहे थे। जो मसला सबसे ज्यादा चर्चा में रहा था उसमें अहम था कि पाकिस्तान की सरकार ने इस बात को स्वीकार किया था कि मुंबई हमलों में एकमात्र जिंदा पकड़ा गया आतंकी अजमल कसाब पाक का नागरिक है। कसाब उस समय मुंबई पुलिस की हिरासत में था। पाक सेना में टू स्टार रैंक के मेजर जनरल रहे दुर्रानी अमेरिका में पाक के राजदूत भी रहे चुके हैं और वर्ष 2008 में उनकी जगह हुसैन हक्कानी का पाक का राजदूत नियुक्त किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications