पूर्व नेवी अफसर ने मांगी सुरक्षा, बोले- वे लोग मेरे बच्चों और परिवार को पहुंचा सकते हैं नुकसान
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ एक कार्टून को लेकर शिवसैनिकों के हमले का शिकार हुए पूर्व नौसैनिक मदन शर्मा ने अब सीएम से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा, वे लोग मेरे बच्चों और परिवार को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए मैं सीएम से निवेदन करता हूं कि मेरे परिवार को सुरक्षा दें। बता दें कि शुक्रवार को कुछ लोगों ने रिटायर्ड नेवी ऑफिसर मदन शर्मा को बुरी तरह से पीट दिया। मदन शर्मा का आरोप है कि उनके साथ मारपीट करने वाले शिवसेना के लोग थे। इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ भी दिया गया।

Recommended Video
इसके साथ ही पूर्व नेवी अफसर ने सीएम उद्धव ठाकरे पर हमला बोलते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। मदन शर्मा ने कहा, अगर उद्धव ठाकरे से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है तो इस्तीफा दे दें। उद्धव ठाकरे के संगठन और सारे कार्यकर्ताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए। इस तरह की घटना दोबारा किसी के साथ नहीं होनी चाहिए। बता दें कि पुलिस के मुताबिक रिटायर्ड नेवी ऑफिसर मदन शर्मा के साथ मारपीट की घटना सुबह करीब 11.30 बजे उपनगर कांदिवली के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स इलाके में हुई।
रक्षा मंत्री ने लिया हालचाल
बता दें कि मदन शर्मा की निर्ममता से पिटाई के बाद मुंबई का माहौल गर्म है, इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनसे फोन पर बात की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'आज मैंने रिटायर्ड नेवी ऑफिसर श्री मदन शर्मा से बात की जिन पर मुंबई में कुछ गुंडों ने हमला किया था और उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। एक्स सर्विसमेन पर इस तरह के हमले हरगिज बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और यह काफी दुखद है। मैं मदनजी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
यह भी पढ़ें: रक्षा मंत्री राजनाथ ने लिया रिटायर्ड नेवी ऑफिसर मदन शर्मा का हालचाल, शिवसैनिकों ने की थी पिटाई












Click it and Unblock the Notifications