पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार बोलीं, INDIA गठबंधन बहुत मजबूत, भाजपा को जरूर हराएगा
लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार ने भरोसा जताया है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया काफी मजबूत है और वह भाजपा को आने वाले लोकसभा चुनाव में जरूर हराएगा। लोकसभा की पहली महिला स्पीकर मीरा कुमार ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में हिस्सा लेने के बाद यह बयान दिया है।
मीरा कुमार ने कहा कि हमारा इंडिया गठबंधन काफी मजबूत है, यहां आपस में भाईचारा है, हम आने वाले चुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन करेंगे और भाजपा को हराएंगे। बता दें कि सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस के मुख्यालय में वर्किंग कमेटी की बैठक हुई।

इस दौरान कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी भी मौजूद थे। इसके साथ ही कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस बैठक में शामिल हुए।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के दौरान इजराइल पर हमास के हमले में फिलिस्तीन का समर्थन किया गया। बैठक के बाद कहा गया कि मिडिल ईस्ट में हो रहे युद्ध में मारे गए हजारों लोगों के प्रति हम अपनी संवेदना जाहिर करते हैं, हमे इसका दुख है।
बता दें कि बैठक के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि जिन-जिन राज्यों में हमारी सरकार है वहां पर जातिगत जनगणना होगी। छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना में हमारी सरकार है, यहां पर हम जातिगत जनगणना कराएंगे। अगर सरकार इस डेटा को जारी नहीं करती है तो हम सरकार में आने के बाद इसे जारी करेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि देश की किसकी कितनी आबादी है इसकी जानकारी होना जरूरी है। इसी आधार पर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सकता है। हमे पता होना चाहिए देश में कितने आदिवासी, दलित, ओबीसी हैं। देश के संस्थानों में इनकी आबादी कितनी है। हम देश को जोड़ना चाहते हैं लेकिन पीएम कहते हैं कि हम देश को तोड़ना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications