दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना का 82 साल की उम्र में निधन
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना का दिल्ली में शनिवार रात 82 साल की अस्वथा में निधन हो गया। दिल्ली के कीर्तिनगर स्थित अपने मकान में उन्होंने रात 11 बजे के आसपास आखिरी सांस ली। मदन लाल खुराना के बेटे हरीश खुराना ने ट्विटर के जरिए ये जानकारी दी है। खुराना लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

खुराना को वर्ष 2011 में ब्रेन हेमरेज हुआ था। इसके बाद से ही उनकी सेहत खराब चल रही थी। खुराना ने बीजेपी के वह नेता थे जिन्होंने भाजपा को दिल्ली में खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। खुराना साल 1993 से 1996 तक दिल्ली के सीएम भी रहे। वह राजस्थान के राज्यपाल भी रहे थे। 20 अगस्त 2005 को उन्हें अनुशासनहीनता के कारण बीजेपी से निकाल दिया गया था। खुराना अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में संसदीय कार्य मंत्री भी रहे थे।
मदन लाल खुराना का जन्म 15 अक्तूबर 1936 में पाकिस्तान के फैसलाबाद (आजादी से पहले पंजाब प्रांत के लयालपुर) में हुआ था। मदन लाल खुराना जब 12 साल के थे उसी वक्त उनका परिवार बंटवारे के बाद दिल्ली आ गया था। उस समय वह परिवार के साथ दिल्ली के कीर्ति नगर की रिफ्यूजी कॉलोनी में रहते थे।
मदन लाल खुराना ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की थी। इसके बाद वे आरएसएस से जुड़े और यहीं से उनके राजनैतिक कैरियर की शुरुआत हुई।












Click it and Unblock the Notifications