आलू, प्याज और टमाटर की कीमतों में उतार-चढ़ाव आता है मौसम की वजह से, राज्यसभा में बोले खाद्य प्रसंस्करण मंत्री
नई दिल्ली, फरवरी 04। देश में बढ़ती महंगाई को लेकर खाद्य प्रसंस्करण मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि देश में सब्जियों और फलों की कीमत में जो उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है, उसके पीछे की वजह खराब मौसम समेत कई कारण हैं। प्रह्लाद सिंह ने कहा कि मौसमी परिस्थितियों के कारण ही आलू, प्याज और टमाटर जैसी टॉप फसलें महंगी होती हैं। उन्होंने कहा कि गैर पारंपरिक इलाकों से फल और सब्जियों का आना भी महंगाई का कारण है।

संसद में चल रहे बजट सत्र के दौरान प्रह्लाद सिंह ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय अल्पावधि हस्तक्षेप योजना के तहत फसल के खराब मौसम के दौरान नष्ट हो जाने पर कई सारे लाभ किसान को दिए जाते हैं। इसमें अधिसूचित फलों और सब्जियों के लिए परिवहन और भंडारण में 50 फीसदी सब्सिडी शामिल है। इससे किसानों के साथट-साथ उपभोक्ताओं के लिए भी कीमतों में स्थिरता लाने में मदद मिलती है।
इसके अलावा मंत्रालय ने भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (NAFED) के माध्यम से टमाटर, प्याज और आलू फसलों की मौजूदा कीमतों पर नजर रखने के लिए मार्केट इंटेलिजेंस एंड अर्ली वार्निंग सिस्टम (MIEWS) पोर्टल भी बनाए हुए हैं, जो कीमत कम होने पर समय-समय पर राज्यों के संबंधित विभागों को अलर्ट जारी कर देता है। प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि ओजी योजना नवंबर 2018 के बाद से ही लागू है। हालांकि इसको लेकर कोई अध्ययन नहीं किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications