दिल्ली के सरकारी स्कूल में अमेरिका की प्रथम महिला मिलेनिया ट्रंप का हुआ भव्य स्वागत, बच्चों से की मुलाकात
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी और अमेरिका की प्रथम महिला मिलेनिया ट्रंप ने आज दिल्ली के सरकारी स्कूल का दौरा किया। यहां स्कूली बच्चों ने मिलेनिया का भव्य स्वागत किया। छात्रों से मिलकर मिलेनिया काफी खुश नजर आईं। उन्होंने यहां छात्रों और अध्यापकों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के सरकारी स्कूलों में होने वाली हेपिनेस क्लासेज के बारे में भी जानकारी ली।
Recommended Video

छात्राओं ने गले में माला पहनाई
मिलेनिया ट्रंप सर्वोदय को-एड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पहुंची थीं। यहां छात्राओं ने उन्हें गले में माला पहनाई और उन्हें तोहफे में मधुबनी पेंटिंग दी। मिलेनिया ने छात्राओं की योगा क्लास देखी, साथ ही पारंपरिक रूप से किए गए स्वागत के लिए धन्यवाद भी कहा।

'ये एक खूबसूरत स्कूल है'
प्रथम महिला मिलेनिया ट्रंप ने कहा, नमस्ते, ये एक खूबसूरत स्कूल है। पारंपरिक नृत्य से मेरा स्वागत करने के लिए धन्यवाद। मैं पहली बार भारत आई हूं, यहां के लोग बहुत अधिक दयालु हैं।

मैं भी बच्चों के साथ काम करती हूं
मिलेनिया ने कहा, अमेरिका में भी मैं आपकी तरह बच्चों के साथ अपनी 'बी बेस्ट' पहल के माध्यम से समान विचारों को बढ़ावा देने के लिए काम करती हूं। 'बी बेस्ट' के तीन पिलरों में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरे, ऑनलाइन सुरक्षा का महत्व और बच्चों का पूर्ण कल्याण शामिल है।

परिवार के साथ भारत आए हैं ट्रंप
बता दें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को अपने दो दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं। उनके साथ उनकी पत्नी मिलेनिया ट्रंप, बेटी इवांका, दामाद जारेड कुशनेर और उनके प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी आए हुए हैं। एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, तो वहीं दूसरी ओर प्रथम महिला मिलेनिया ट्रंप दिल्ली सरकार के एक स्कूल में पहुंचीं।












Click it and Unblock the Notifications